गिरफ्तार करने आए पुलिसकर्मियों को पीटा, आठ पर केस दर्ज, चार गिरफ्तार

एनडीपीएस एक्ट के तहत चुलकाना के रामबीर को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ ही मारपीट हो गई। हेडकांस्टेबल वजीर की शिकायत पर समालखा थाना पुलिस ने राजबीर सहित उसके परिवार के आठ लोगों पर केस दर्ज किया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Nov 2021 09:30 PM (IST) Updated:Mon, 08 Nov 2021 09:30 PM (IST)
गिरफ्तार करने आए पुलिसकर्मियों को पीटा, आठ पर केस दर्ज, चार गिरफ्तार
गिरफ्तार करने आए पुलिसकर्मियों को पीटा, आठ पर केस दर्ज, चार गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, समालखा : एनडीपीएस एक्ट के तहत चुलकाना के रामबीर को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ ही मारपीट हो गई। हेडकांस्टेबल वजीर की शिकायत पर समालखा थाना पुलिस ने राजबीर सहित उसके परिवार के आठ लोगों पर केस दर्ज किया है। दो महिलाओं सहित चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, दूसरे पक्ष ने भी शिकायत देकर पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

वजीर ने शिकायत में बताया कि रामबीर की गिरफ्तारी के वारंट थे। वह टीम के साथ गांव चुलकाना में पहुंचे। गांव में रामबीर ने उन्हें देखा तो भागने लगा। उन्होंने उसे पकड़ लिया। जब उसे गाड़ी में बैठाने लगे तो चिल्लाने लगा। भाई रामचंद्र, रामफल, भाभी संतोष, रामकली, मां व बहन लक्ष्मी व पार्वती का नाम लेने लगा। रामबीर के घरवाले मौके पर आ गए। परिवार वालों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। रामबीर भी अपने परिवार के साथ मिलकर पुलिस को गाली देने लगा। थप्पड़ मारने लगा।

रामबीर व उसके परिवार वाले रामचंद्र व रामफल पुत्र श्रीचंद, पार्वती, सियावती पुत्री श्रीचंद, रामकली पत्नी रामफल, लक्ष्मी पत्नी श्रीचंद, संतोष पत्नी रामचंद्र ने उनकी व एसपीओ राजेश की वर्दी फाड दी। सरकारी काम में बाधा डाली। सब मिलकर रामबीर को अपने साथ भगा ले गए।

इस मामले में आरोपित पक्ष की महिला ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए एएसपी दफ्तर में शिकायत दी है। महिला ने बताया सोमवार सुबह करीब चार बजे चार-पांच पुलिस की गाड़ियां घर पर आई। सभी पुलिस कर्मचारी के हाथों में डंडे व बंदूक थीं। उस समय पूरा परिवार सो रहा था। पुलिस कर्मचारियों ने परिवार के सभी सदस्यों पर अंधाधुंध लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।

वहीं, एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस कोर्ट के वारंट पर चुलकाना के रामबीर को गिरफ्तार करने गई थी। स्वजनों ने पुलिस के साथ हाथापाई की और पुलिस कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस कर्मी की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए दो महिलाओं सहित चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपितों द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए शिकायत दे रही है।

chat bot
आपका साथी