ओमिक्रोन वैरिएंट : यमुनानगर में तेजी से फैल रहा कोरोना, एक सप्ताह में 33 से बढ़कर 211 पर पहुंचा आंकड़ा

यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग रोजाना दो हजार से अधिक सैंपलिंग कर रहा है। 25 नवंबर के बाद से ही सैंपलिंग का आंकड़ा बढ़ा है। सैंपल बढ़ने के साथ ही रोजाना मरीज बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग भी संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों को सैंपल कराने की सलाह दे रहा है।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Sun, 09 Jan 2022 05:20 PM (IST) Updated:Sun, 09 Jan 2022 05:20 PM (IST)
ओमिक्रोन वैरिएंट : यमुनानगर में तेजी से फैल रहा कोरोना, एक सप्ताह में 33 से बढ़कर 211 पर पहुंचा आंकड़ा
यमुनानगर में कोरोना संक्रमण बढ़ा, स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में कोरोना संक्रमण बेहद गति से फैल रहा है। हालात यह है कि एक सप्ताह में ही 33 से बढ़कर मरीजाें की संख्या 211 पर पहुंच चुकी है। जिससे स्वास्थ्य विभाग की भी चिंता बढ़ी हुई है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब विभाग ने नए कोविड सेंटर भी चालू कर दिए गए हैं। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना संक्रमितों के लिए बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। जिससे आपातकाल स्थिति में यहां पर मरीजों काे दाखिल किया जा सके। 

स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा

कोरोना की दूसरी लहर में स्वास्थ्य विभाग के सामने बेड व आक्सीजन की किल्लत बनी थी। इस बार यह दिक्कत शायद न बने, क्योंकि विभाग ने बचाव के लिए पहले ही इंतजाम कर लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास 3500 लीटर प्रति मिनट क्षमता के चार आक्सीजन प्लांट हैं। जिससे आक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। इसी तरह से 1192 बेडों की व्यवस्था फिलहाल विभाग के पास है। इसके अलावा आपातकाल स्थिति से निपटने के लिए समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से भी व्यवस्था बनाई जा सकती है, क्योंकि कोरोना की दूसरी लहर में राधा स्वामी सत्संग व संत निरंकारी भवन में भी बेड लगवाए गए थे। 

इस तरह से बढ़े मरीज

1 जनवरी - 5 - 1 - 33

2 जनवरी - 8 - 0 - 41

3 जनवरी - 19 - 2 - 57

4 जनवरी - 10 - 2 - 65

5 जनवरी - 24 -6 - 83

6 जनवरी - 44 - 3 - 124

7 जनवरी - 65 - 10 - 177

8 जनवरी - 48 - 11 - 211

रोजाना दो हजार से अधिक सैंपलिंग

स्वास्थ्य विभाग रोजाना दो हजार से अधिक सैंपलिंग कर रहा है। 25 नवंबर के बाद से ही सैंपलिंग का आंकड़ा बढ़ा है। सैंपल बढ़ने के साथ ही रोजाना मरीज बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग भी संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों को सैंपल कराने की सलाह दे रहा है। सिविल सर्जन डा. विजय दहिया का कहना है कि कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को कोविड नियमों का पालन करना चाहिए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बेड व आक्सीजन की कोई किल्लत नहीं है। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।

chat bot
आपका साथी