पत्थरगढ़ में जमीन के विवाद में उप्र-हरियाणा के लोगों में चली गोलियां, नौ घायल

हरियाणा और उत्तरप्रदेश के लोगों के बीच जमीन का विवाद थम नहीं रहा। रविवार को एक बार फि‍र लोग आमने-सामने आ गए। कई लोगों को जान बचाकर भागना पड़ा। दोनों पक्ष पुलिस के पास पहुंचे।

By Edited By: Publish:Mon, 08 Oct 2018 06:40 AM (IST) Updated:Mon, 08 Oct 2018 06:40 AM (IST)
पत्थरगढ़ में जमीन के विवाद में उप्र-हरियाणा के लोगों में चली गोलियां, नौ घायल
पत्थरगढ़ में जमीन के विवाद में उप्र-हरियाणा के लोगों में चली गोलियां, नौ घायल

जागरण संवाददाता, पानीपत : यमुना के साथ लगती जमीन पर हरियाणा और उप्र के लोगों में रविवार को झगड़ा हो गया। पत्थरगढ़ गांव में दोनों पक्षों में गोलियां, डंडे और गंड़ासी चलीं। इसमें नौ लोग घायल हो गए। इनमें एक महिला भी शामिल है। घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से एक बंदूक बरामद की है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की है। पत्थरगढ़ में तनाव है।

नंगलाआर गांव के सब्बीरा ने बताया कि 2017 में उसने शामली (उत्तर प्रदेश) के गांव नंगला राई के कामिल, सदीक, साजू गुलजार से चार एकड़ जमीन खरीदी थी। जिन लोगों से उसने जमीन खरीदी उसके परिवार के याकूब व महबूब उसे तंग कर रहे हैं। इन लोगों ने जमीन पर कोर्ट से स्टे भी ले लिया। वह रविवार को कंबाइन से धान की फसल की कटाई करा रहा था। इसी दौरान याकूब और उसके 20-25 परिजनों ने तीन फायर किये। गंड़ासी व डंडों से हमला कर दिया। इससे उसे, उसके नौकर पत्थरगढ़ निवासी याकूब और पड़ोसी आलीम घायल हो गए। उसने पुलिस को फोन किया। बंदूक से फायर कर रहे युवक को डंडा मारा तो बंदूक गिर गई और युवक भाग गया। सनौली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपित भाग गए। आरोप है कि पहले भी याकूब उसकी मक्का की फसल की कटाई करके ले गया था।

जबरन दो एकड़ धान की फसल काट ली
याकूब ने कहा कि उसकी पत्थरगढ़ गांव में चार एकड़ जमीन है। इस जमीन में उसने धान की रोपाई की थी। उसने जमीन का कोर्ट से स्टे ले रखा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। उसे फसल की कटाई की सूचना मिली तो वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो सब्बीरा ने 25-30 लोगों के साथ मिलकर गोलियां चलाई। धारदार हथियारों व डंडों से हमला किया। इससे उसे, उसके बड़े भाई महबूब, पत्नी खतीजा, बेटी मोमिना और भतीजे फारूक को चोटें लगीं। आरोपितों ने उसकी बेटी मोमिना के साथ बदसलूकी भी की। घायल खतीजा ने बताया कि आरोपितों ने उसे जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा। पुलिस के सामने भी मारपीट हुई, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं की गई। आरोपित गोलियों के खोल भी उठा ले गए। पांचों घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

पत्थरगढ़ में जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई है। कई लोग घायल हैं, लेकिन किसी ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
-एएसआइ, सतपाल ¨सह, जांच अधिकारी, सनौली थाना।

chat bot
आपका साथी