केमिकल इंजीनियर की नौकरी छोड़ मॉडलिंग में आईं मनिका, मिस इंडिया बन रोशन किया हरियाणा का नाम

मिस इंडिया मनिका श्‍योकंद ने हरियाणा का नाम रोशन कर दिया। बड़ी बहन कनिका श्योकंद की प्रेरणा से मनिका ने देश की सबसे सुंदर युवती का खिताब जीता। मुंबई में पहना मिस इंडिया का ताज। परिवार में खुशी का माहौल।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 13 Feb 2021 01:16 PM (IST) Updated:Sat, 13 Feb 2021 01:16 PM (IST)
केमिकल इंजीनियर की नौकरी छोड़ मॉडलिंग में आईं मनिका, मिस इंडिया बन रोशन किया हरियाणा का नाम
जींद की बैटी मनिका श्‍योकंद ने मिस इंडिया का खिताब जीता।

जींद, [कर्मपाल गिल]। हरियाणा के ठेठ बांगर की बेटी मनिका श्योकंद मिस इंडिया बन गई हैं। मुंबई में बेटी के सिर पर मिस इंडिया का ताज सजा तो जींद के पैतृक गांव उचाना कलां में ताऊ-ताई व भाई-बहनों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई। पंचकूला में माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।

मनिका अगले सप्ताह मुंबई से पंचकूला घर आएंगी। स्वजन जोरदार तरीके से बेटी का स्वागत करेंगे। दो साल पहले तक मनिका के परिवार में किसी ने नहीं सोचा था कि वह यहां तक पहुंच जाएंगी। बड़ी बहन कनिका के मोटिवेशन की बदौलत मनिका मिस इंडिया बनी हैं। कनिका जब कॉलेज में पढ़ती थीं, तब वह मॉडलिंग में करियर बनाना चाहती थीं। लेकिन मां-पिता ने पढ़ाई व नौकरी पर ध्यान देने के लिए कहा। कनिका का सपना अधूरा रह गया।

तीन साल पहले 2018 में मनिका ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमबीए करने के बाद नोएडा में नौकरी ज्वाइन कर ली थी। तब बड़ी बहन कनिका ने उनकी नौकरी छुड़वा दी और मॉडलिंग में करियर बनाने के लिए दिल्ली में ही एकेडमी ज्वाइन करवा दी। वहां उन्होंने इंटरव्यू, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, बोलचाल की ट्रेनिंग ली। धीरे-धीरे मॉडलिंग में काम मिलने लगा। कोरोना काल में मिस इंडिया के लिए ऑनलाइन पाॢटसिपेट किया। हरियाणा में पहले नंबर पर आईं। फिर पूरे देश में मात्र 15 लड़कियां रह गई थीं, तब मुंबई बुलाया गया।

वहां मनिका श्योकंद ने अपनी स्किल और सुंदरता से सभी प्रतिभागियों को पछाड़कर मिस इंडिया का ताज पहना। हरियाणा सहकारी बैंक से रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर पिता सूरजमल और गृहिणी मां ममता ने फोन पर बताया कि बेटी की सफलता से खुशी का ठिकाना नहीं है। पिता कहते हैं कि उन्हेंं बेटी का हुनर पता था। उन्हेंं उम्मीद थी कि वह टॉप थ्री में जरूर आएगी।

अकेले रहना पसंद करती हैं मनिका

मिस इंडिया मनिका की भतीजी प्रियंका व रेणु श्योकंद ने बताया कि उनकी बुआ अकेले में रहना ही पसंद करती हैं। अपने काम में मग्न रहती हैं। चाहे वह कितनी परेशान हो या खुश हो, कोई बात बहुत ज्यादा शेयर नहीं करती। पढ़ाई में बहुत होशियार है। 12वीं में नॉन मेडिकल स्ट्रीम में 95 प्रतिशत अंक थे और पंजाब यूनिवॢसटी चंडीगढ़ से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान भी अव्वल रहीं। अपना काम दूसरों के हवाले नहीं छोड़ती।

गांव आकर बनाती थी पास्ता, भैंस का दूध भी निकाल लेती है

मनिका के पिताजी तीन भाई हैं और अभी तक संयुक्त परिवार है। खेती भी इकट्ठे करते हैं। बड़े ताऊ दयानंद व स्व. दयाचंद का परिवार गांव में एक ही घर में रहता है। चार पीढ़ी के बावजूद सभी में गजब का प्रेम है। ताऊ दयानंद, भाई कुलदीप, भतीजी रेणु व प्रियंका ने बताया कि मनिका का जन्म बेशक पंचकूला में ही हुआ है, लेकिन महीने में एक बार मम्मी-पापा के साथ गांव जरूर आ जाती है। गांव में आकर खाना बनाने में सहयोग करती थी। सबको पास्ता बनाकर खिलाती थी। घर के सदस्यों के साथ खेतों में जाकर कपास में कसोले से निराई भी करवा देती थी। भैंस का दूध भी निकाल लेती है। बरसीम व ज्वार भी कटवा देती है।

छह माह पहले गांव आई थीं मनिका

मिस इंडिया मनिका श्योकंद के परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ी बहन कनिका शादीशुदा है। छोटा भाई तेजस्वी श्योकंद लॉ की पढ़ाई कर रहा है। ताऊ के बेटे बड़े भाई संदीप बताते हैं कि कोरोना से पहले मनिका का गांव में लगातार आना-जाना लगा रहता था। एक या दो माह में एक बार गांव जरूर आ जाती थी। अब कोरोना के कारण करीब छह माह पहले आई थी। मॉडलिंग में करियर के लिए दो साल पहले केमिकल इंजीनियर की नौकरी छोड़ दी थी।

भतीजी रेणु ने बताया कि बुआ मनिका उनसे चार महीने बड़ी हैं। वह दोनों इकट्ठे ही रहती हैं। पहले कभी नहीं सोचा था कि मॉडलिंग करूंगी। बड़ी बहन कनिका ने स्पोर्ट किया, जिसकी बदौलत आज वह मिस इंडिया बन गई हैं। मनिका श्योकंद के पिता सूरजमल ने बताया कि मुंबई से बेटी के पीआरओ ने फोन पर बताया कि वह 16 फरवरी को पंचकूला आएंगे। इस दिन वह फैमिली डिनर का आयोजन कर सकते हैं। 17 फरवरी को मनिका चंडीगढ़ में मीडिया से रूबरू होंगी। एक-दो दिन घर पर बिताने के बाद वह मुंबई रवाना हो जाएंगी। पिता सूरजमल ने बताया कि इस दौरान उनका प्रयास रहेगा कि बेटी को गांव उचाना कलां में लाया जाए ताकि परिवार के अन्य सदस्य भी मिलकर खुशी मना सकें।

दाडऩ खाप करेगी मनिका को सम्मानित

मनिका श्योकंद के मिस इंडिया बनने पर दाडऩ खाप के लोगों में भी खुशी का माहौल है। खाप के नेताओं ने बताया कि मनिका श्योकंद को खाप के चबूतरे पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। मनिका ने श्योकंद गोत्र यानी दाडऩ खाप का नाम रोशन किया है। पहली बार खाप की बेटी के सिर मिस इंडिया का ताज सजा है। मनिका की उपलब्धि से ग्रामीण क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी