करनाल में घरेलू कलह में बिखरा परिवार, पति ने पहले चाकू मारकर पत्नी की हत्या की, फिर खुद भी खाया जहर

करनाल के सूरज नगर में शनिवार देर रात हुई वारदात। पति की हालत नाजुक है। उनके चार बच्चे हैं। दो बेटे और दो बेटियां। सभी की उम्र 12 से 16 साल के बीच में है। बच्चे भी इस घटना से पूरी तरह से टूट गए हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 01 Nov 2020 02:20 PM (IST) Updated:Sun, 01 Nov 2020 02:20 PM (IST)
करनाल में घरेलू कलह में बिखरा परिवार, पति ने पहले चाकू मारकर पत्नी की हत्या की, फिर खुद भी खाया जहर
विक्रम को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उसकी हालत नाजुक है।

पानीपत/करनाल, जेएनएन। करनाल के सूरज नगर में शनिवार रात पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां वह जिंदगी व मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने संगीता के भाई अजय के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि घरेलू कलह की वजह से यह घटना हुई है। हत्या का मामला दर्ज कर इस मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।

सूरज कालोनी में 40 वर्षीय विक्रम का शनिवार की रात को अपनी पत्नी संगीता से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसमें उसने संगीता के साथ खूबर मारपीट की और इसके बाद उस पर चाकू से वार कर दिए। इसके बाद विक्रम ने भी जहर निगल लिया। दर्द से कराहते हुए संगीता चिल्लाई तो उसके चार पुत्र-पुत्रियों में से एक पुत्र 14 वर्षीय अनमोल की नींद खुल गई। उसने देखा कि मां संगीता खून से लथपथ है। उसने तेजी से घर के बाहर जाकर पड़ोसी से मदद मांगी। संगीता का भाई अजय भी इसी कॉलोनी में रहता है। पड़ोसी ने अजय को जाकर इस घटनाक्रम की सूचना दी। उन्होंने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल अस्पताल में भिजवाया, जबकि विक्रम को निजी अस्पताल में दाखिल कराया। अस्पताल में संगीता ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। निजी अस्पताल में विक्रम की हालत नाजुक बनी हुई है। 

एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए

एसएचओ सुरेंद्र सिंह का कहना है कि संगीता के भाई अजय के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मौके से एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल आरोपित विक्रम की हालत नाजुक है। 

विक्रम सब्जी बेचक करता है परिवार की गुजर-बसर 

विक्रम सब्जी बेचकर परिवार की गुजर बसर कर रहा है। इस घटना ने पूरे परिवार को बिखेर कर रख दिया है। इस दंपती के चार बच्चे हैं। इनमें दो बेटे व दो बेटियां हैं। सभी की उम्र 12 से 16 साल के बीच में है। बच्चे भी इस घटना से पूरी तरह से टूट गए हैं। एक ही रात में उनका  परिवार बिखर चुका है। पड़ोसी भी बच्चों को संभालने की कोशिश करते हुए दिखे। हालांकि परिजन इस घटना पर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। इतना जरूर है कि सभी यही मान रहे हैं कि घरेलू कलह की वजह से यह घटना हुई है।

chat bot
आपका साथी