हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने आंदोलनकारियों को दी नसीहत, शांतिपूर्ण करें विरोध, कानून व्यवस्था न करें भंग

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल करनाल पहुंचे। यहां पर उन्‍होंने कृषि सुधार कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर किसान नेताओं को नसीहत दी। वहीं कहा कि कोरोना और ब्लैक फंगस को लेकर स्थिति नियंत्रण में है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 02:39 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 02:39 PM (IST)
हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने आंदोलनकारियों को दी नसीहत, शांतिपूर्ण करें विरोध, कानून व्यवस्था न करें भंग
करनाल पहुंचे हरियाणा के सीएम मनोहर लाल।

करनाल, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आंदोलन के नाम पर सबको अपनी बात रखने का अधिकार है लेकिन इसे लेकर हिंसा का मार्ग अपनाना कतई उचित नहीं है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन से किसी को नहीं रोका जाएगा लेकिन कानून व्यवस्था भंग नहीं होनी चाहिए। इसे लेकर पहले भी अपील की गई है। उन्होंने दावा किया कि कोरोना के बाद अब ब्लैक फंगस को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। इसलिए किसी को अनावश्यक चिंता नहीं करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर आक्सीजन पार्क की शुरुआत सहित अन्य योजनाओं के लोकार्पण के लिए करनाल में थे। कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से वार्ता में उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस का महत्व इस बार और अधिक बढ़ गया है। कोरोना महामारी के कारण प्राणवायु का संकट सबने अनुभव किया। इसीलिए पेड़-पौधे बढ़ाना आवश्यक है। उन्हें सुरक्षित भी रखें ताकि प्राणवायु मिलती रहे। इसी उद्देश्य से यहां 80 एकड़ भूमि पर आक्सी वन बनाया जाएगा। दस प्रकार के वन बनाए जा रहे हैं। करनालवासियों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। सुगंधित, कृषि, औषधीय और अन्य प्रकार के पौधे पर्याप्त प्राणवायु प्रदान करेंगे।

सीएम ने कहा कि इसी प्रकार जल संरक्षण के लिए भी बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा में पहले काफी तालाब थे। इनमें बरसात का पर्याप्त पानी एकत्र होता था। लेकिन इनका सही प्रबंधन न होने से दिक्कतें बढ़ती चली गईं। इसे देखते हुए बेहतर प्रबंधन के लिए तालाब प्राधिकरण बनाया है। 14 हजार तालाब ठीक किए जाएंगे। 150 तालाब पर काम हो रहा है। अगले चरण में 450 तालाबों के सुधार का कार्य किया जाएगा।

ब्लैक फंगस पर नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के छह सौ मरीज हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह रोग स्वयं नहीं बढ़ता। दवाओं या अन्य कारणों से होता है। फिर भी संवेदनशील स्थिति को देखते हुए इस पर नियंत्रण किया जा रहा है। प्रदेश में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। आठ हजार इंजेक्शन आ गए हैं। आगे भी दवाओं की कमी नहीं रहेगी। कोरोना को लेकर पहले ही हालात काबू में हैं।

समय से पहले ही हुआ कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि करनाल में निस्संदेह उन्होंने निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम में हिस्सा लिया लेकिन ऐसा प्रशासन की तैयारियों के अनुरूप किया जाता है। मौसम और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन आवश्यक इंतजाम करता है। इसी आधार पर ऐसा किया गया।

नई योजनाओं की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में सेक्टर चार में ऑक्‍सी वन योजना की शुरुआत की। इनमें आक्सी-वन योजना, आक्सी-वन पंचकूला योजना, प्राणवायु देवता पेंशन योजना, कुरुक्षेत्र के 134 तीर्थ स्थलों में पंचवटी रोपण योजना शामिल रहीं। इस अवसर पर वन मंत्री कंवरपाल गुर्जर, सांसद संजय भाटिया, घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, वन विभाग की एसीएस अनुपमा सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी