इस भाजपा नेता को सीएम के साथ सेल्‍फी महंगी पड़ गई, प्रधानी यूं फंस गई

सीएम के साथ सेल्फी लेना उन्हीं के पार्टी के पदाधिकारी को महंगा पड़ गया। इससे उन्हें अपनी कुर्सी तक गंवानी पड़ गए। आखिर क्यों नाराज हो गए सीएम मनोहर।

By Ravi DhawanEdited By: Publish:Fri, 02 Nov 2018 01:28 PM (IST) Updated:Fri, 02 Nov 2018 01:30 PM (IST)
इस भाजपा नेता को सीएम के साथ सेल्‍फी महंगी पड़ गई, प्रधानी यूं फंस गई
इस भाजपा नेता को सीएम के साथ सेल्‍फी महंगी पड़ गई, प्रधानी यूं फंस गई

जगमहेंद्र सरोहा, पानीपत : भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता पर सेल्फी लेने के चक्कर में गाज गिर गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनको बदलने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने साफ कहा कि भाजयुमो में 35 वर्ष तक का युवा शामिल किया जा सकता है, जबकि मेघराज गुप्ता की उम्र 40 वर्ष है। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल बृहस्पतिवार को सेक्टर-13-17 में जन विश्वास धन्यवाद रैली के बाद स्काईलार्क में पहुंचे थे। यहां पर मोर्चा और मंडलाध्यक्षों के साथ परिचय बैठक रखी गई। जिसमें भाजपा के 13 मंडलों और पांचों मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी पदाधिकारियों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और फिर सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। 

मेघराज से पूछी उम्र
मुख्यमंत्री ने युवा जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता से बातचीत करते हुए उनकी उम्र पूछ ली। मेघराज गुप्ता ने अपनी उम्र 40 वर्ष बताई। सीएम ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा में 35 वर्ष तक का युवा शामिल हो सकता है। 40 वर्ष का कार्यकर्ता तो पार्टी में शामिल होना चाहिए। 

सेल्फी लेना पड़ गया महंगा
पार्टी के एक नजदीकी कार्यकर्ता ने बताया कि युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता सीएम के साथ सेल्फी ले रहे थे। इसी समय सीएम ने उनका नाम और उम्र पूछ ली। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष अशोक कटारिया, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र जलमाना और किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजीव दहिया मौजूद रहे।  

सीएम ने जिलाध्यक्ष को एक तरफ ले जाकर की बातचीत
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसके बाद जिलाध्यक्ष प्रमोद विज से एक तरफ बातचीत की। उन्होंने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि यह युवाओं के अधिकारों का हनन है। वे इसको सहन नहीं करेंगे। युवा का जिलाध्यक्ष जल्द से जल्द बदला जाएं। वे खुद भी संगठन में इसके लिए बातचीत करेंगे। इस मौके पर परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार, ग्रामीण हलका विधायक महीपाल ढांडा और शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी मौजूद रही। 

शहर की विधायक के नजदीकी हैं मेघराज 
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी के नजदीकी माने जाते हैं। पार्टी के नजदीकी जानकारों की माने तो उन्होंने ही मेघराज को युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनवाया था। 

मेघराज गुप्ता।

मैं संगठन का सच्चा सिपाही 
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता का कहना है कि सीएम साहब स्काईलार्क में सभी मोर्चों और मंडलाध्यक्षों की बैठक ले रहे थे। मुझसे बातों-बातों में उम्र पूछी थी। उन्होंने युवा का जिलाध्यक्ष 35 वर्ष तक होने की बात कही थी, लेकिन यह सब मजाक में चल रहा था। मैं संगठन का सच्चा सिपाही हूं। 

भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रमोद विज।

परिचय के लिए सीएम ने ली बैठक
भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रमोद विज का कहना है कि मुख्यमंत्री ने मोर्चा और मंडलाध्यक्षों की परिचय बैठक ली थी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष मेघराज गुप्ता आयु 40 वर्ष है, जबकि युवा मोर्चा में 35 वर्ष का कार्यकर्ता रह सकता है। वे इसके लिए संगठन में बातचीत करेंगे। संगठन के निर्देशानुसार ही आगामी फैसला लेंगे।

chat bot
आपका साथी