यमुनानगर में बाइक सवार बदमाशों ने चावल व्यापारी को मारी गोली, गंभीर

यमुनानगर में बाइक सवार बदमाशों ने चावल व्यापारी को गोली मार दी। गोली लगने से चावल व्यापारी घायल हो गया। जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को पिस्टल का एक खोल भी बरामद हुआ है।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 06:50 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 06:50 PM (IST)
यमुनानगर में बाइक सवार बदमाशों ने चावल व्यापारी को मारी गोली, गंभीर
यमुनानगर में बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग।

साढौरा(यमुनानगर), संवाद सहयोगी। यमुनानगर के गांव सरावां में हिमालयन राइस मिल के बाहर कार में बैठ रहे मुलाना के चावल व्यापारी नीतिश शर्मा को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी। गाेली उसकी जांघ में लगी है। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। दिनदिहाड़े हुए इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। घायल व्यापारी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान पिस्टल का एक खोल भी बरामद हुआ है। 

हिमालयन राइस मिल के मालिक विपिन अग्रवाल ने बताया कि अंबाला के मुलाना निवासी 24 वर्षीय नितीश शर्मा चावल खरीदने के सिलसिले में अक्सर उनके पास आता रहता है। मंगलवार दोपहर को भी वह उनके पास से चावल के सैंपल लेकर आया था। यहां पर सैंपल दिखाने के बाद वह कार से वापस जाने लगी। इसी दौरान उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। जब वह बाहर पहुंचे, तो घायल अवस्था में नितिश पड़ा हुआ था। 

पहले सोचा बदमाश कार लूटने आए हैं

राइस मिल के कर्मचारी रवि ने बताया कि जिस समय वारदात हुई। वह बाहर खड़े थे। जब व्यापारी नीतिश कार में बैठने लगा। तभी एक बाइक पर मास्क लगाए तीन युवक नीतिश के पास पहुंचे। नीतिश उन्हें कार की चाबी देने लगा, लेकिन इतने में बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने गोली चला दी। गोली नीतिश की जांघ में लगी और वह नीचे गिरा पड़ा। इसके बाद तीनों बाइक सवार बदमाश मुलाना की ओर फरार हो गए। वहीं बताया जा रहा है कि यह बाइक सवार काफी समय से नीतिश की रेकी कर रहे थे, क्योंकि तीनों बाइक सवार काफी समय तक सेलर के बाहर खोखे पर खड़े रहे थे। 

22 जनवरी को हुई थी नीतिश की शादी

मुलाना निवासी सोमदत्त शर्मा ने बताया कि उनके बेटे नीतिश की 22 जनवरी को ही शादी हुई है। शादी के बाद वह मंगलवार को पहली बार टूर पर निकला था। उनकी या बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं है। थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बदमाशों ने कार छीनने या फिर व्यापारी से नकदी को लूटने के लिए यह वारदात की है। कोई रंजिश भी हो सकती है। पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही बदमाशों को काबू किया जाएगा। 

26 जुलाई को भी यहां पर वारदात

सरावां के  सेहला मोड़ पर 26 जुलाई 2021 को साढे नौ बजे बाइक सवार तीन बदमाश गांव सैहला निवासी लकड़ी ठेकेदार दर्शन सिंह पर हवाई फायर की थी। उससे कार लूटकर फरार हो गए थे। अपने गांव लौटते समय दर्शन सिंह फोन पर बात करने के लिए इस जगह रुका था। तभी बाइक सवार तीन बदमाश यहां पर आए और उससे कार लूटकर ले गए थे।  यह कार तीन दिन बाद मुलाना के पास धीन से एक सुनसान जगह से बरामद हुई थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का भी कोई पता नहीं लग सका।

chat bot
आपका साथी