पति-पत्नी को स्पेन भेजने के नाम पर ठगे 62 लाख

जागरण संवाददाता समालखा (पानीपत) विदेश में घर बसाने का झांसा देकर वार्ड-6 वासी संदीप से 6

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Sep 2020 08:51 AM (IST) Updated:Sun, 13 Sep 2020 08:51 AM (IST)
पति-पत्नी को स्पेन भेजने के नाम पर ठगे 62 लाख
पति-पत्नी को स्पेन भेजने के नाम पर ठगे 62 लाख

जागरण संवाददाता, समालखा (पानीपत) : विदेश में घर बसाने का झांसा देकर वार्ड-6 वासी संदीप से 62 लाख रुपये ठग लिए गए। उसकी पत्नी मुस्कान अब इटली में बंधक की जिदगी जी रही है। छह साल की बेटी और चार साल का बेटा, पिता संदीप के पास है। पैसे, पासपोर्ट और दस्तावेज वापसी के बदले धमकी मिलने पर संदीप ने मुंबई के विक्रम संधू, गढ़ी छाज्जू के सुनील गाहल्याण, समालखा के पुरुषोतम मित्तल, जौरासी के जोगिद्र उर्फ जोगा, स्पेन में रह रही सुनील की पत्नी सोनिया के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी, धमकी, मानव तस्करी सहित 11 धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।

संदीप ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सुनील और उसके साथी जोगिद्र व पुरुषोत्तम को पहले से जानता था। सुनील की पत्नी स्पेन में रहती है। सुनील ने अपने पार्टनर मुंबई के विक्रम संधू के मार्फत उसे स्पेन भेजने का झांसा दिया। मुंबई ले जाकर पार्टनर से मिलवाया। 60 लाख रुपये में उसे, उसकी पत्नी मुस्कान और साली ईशिता को विदेश भेजने का करार हुआ। पीआर वीजा, टिकट सहित स्पेन में रहने की व्यवस्था करार में थी। उसने अक्टूबर, 2018 में सुनील को 3 लाख सहित करीब एक साल के दौरान 60 लाख रुपये सभी आरोपितों को दिए। दो लाख अतिरिक्त खर्च किए। तीन बार सपरिवार मुंबई गया।

-----------

विदेश में बंधक बनी पत्नी

संदीप ने बताया कि जीटी रोड पर उसकी जमीन थी। 51 लाख में जमीन बेचकर उसने पैसे दिए थे। एक साल तक टालमटोल के बाद पैसे वापस मांगने पर संधू ने एक माह के टूरिस्ट वीजा पर पत्नी मुस्कान को स्पेन भेजा। उसे और ईशिता को बाद में भेजने की बात कही। स्पेन में संधू, सुनील, पुरुषोत्तम और सोनिया ने उसकी पत्नी के साथ दु‌र्व्यवहार किया। परिचितों के सहयोग से वह किसी तरह इटली भाग आई। वहीं बंधक का जीवन जी रही है। पत्नी के वापस आने की उम्मीद भी नहीं दिखाई दे रही है। आरोपितों की ओर से धमकी भी मिल रही है।

chat bot
आपका साथी