18 रोडवेज कर्मचारी गिरफ्तार, 192 पर केस

पानीपत प्रशासन ने रोडवेज के हड़तालरत कर्मचारियों पर कार्रवाई कर दी है। 1

By JagranEdited By: Publish:Thu, 18 Oct 2018 08:32 AM (IST) Updated:Thu, 18 Oct 2018 08:32 AM (IST)
18 रोडवेज कर्मचारी गिरफ्तार, 192 पर केस
18 रोडवेज कर्मचारी गिरफ्तार, 192 पर केस

जागरण संवाददाता, पानीपत : जिला प्रशासन ने रोडवेज के हड़तालरत कर्मचारियों पर कार्रवाई कर दी। मंगलवार देर रात को सिटी पुलिस ने 192 कर्मचारियों पर केस दर्ज किया। बुधवार सुबह बस अड्डा में धरना देने पहुंचे कर्मचारियों को पुलिस ने खदेड़ दिया। दोपहर में दोबारा धरना देने का प्रयास किया तो 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उधर, कर्मचारियों ने दो दिन और हड़ताल की घोषणा कर दी है। दूसरे दिन बसें नहीं चलने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

कर्मचारी परिवहन बेड़े में 720 निजी बसों को शामिल करने का विरोध कर रहे हैं। बुधवार सुबह कर्मचारी बड़ी संख्या में बस अड्डा पहुंचे। वहां से पुलिस ने खदेड़ दिया। इसके बाद सामान्य अस्पताल में एकत्रित होने लगे। दोपहर 12:24 बजे रोडवेज कर्मचारी विभिन्न विभागों के सरकारी कर्मचारियों के संग नारेबाजी करते हुए दोबारा बस स्टैंड पहुंचे। कर्मचारियों के बस स्टैंड परिसर पहुंचने का पता चलते ही डीएसपी सिटी सतीश कुमार और वेलफेयर इंस्पेक्टर सुमित कुमार पहुंचे। यूनियनों के पदाधिकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से गिरफ्तारी देने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने इससे इन्कार कर दिया।

-------

इंस्पेक्टर को लगी फटकार

डीएसपी और यूनयिनों के पदाधिकारियों के बीच गिरफ्तारी की बातचीत हुई तो पदाधिकारियों ने 10 मिनट का समय मांगा। पदाधिकारी तेजपाल और सुनील दत्त ने कर्मचारियों को संबोधित किया। 12:43 बजे कर्मचारी गेट पर पहुंचे, लेकिन वहां पुलिस नहीं दिखी। डीएसपी सतीश कुमार ने इंस्पेक्टर सुमित कुमार को फटकार लगाई। बस गेट पर मंगवाई। वहां भी 10 मिनट तक पदाधिकारियों ने भाषण दिया। इस दौरान अधिकतर रोडवेज कर्मचारी इधर-उधर हो गए।

----------

घेराबंदी कर ले गए थाने

पुलिस महिला कर्मचारियों समेत लगभग 70 कर्मचारियों को घेराबंदी कर सिटी थाने ले गई। झाडू समेत थाने पहुंचे कर्मचारियों को पुलिस ने यह कहकर छोड़ दिया कि ये कर्मचारी तो थाने में सफाई करने के लिए आए हैं। कुछ देर बाद पुलिस ने 18 रोडवेज कर्मचारियों की गिरफ्तारी की औपचारिकता पूरी की।

------

54 बसें हुई रवाना

सुबह बसें चलने लगी तो लंबी दूरी की बसों में डीजल डाला जाने लगा। बस चलने का पता चलते ही लोग काउंटरों पर टिकट खरीदते दिखाई दिए। देर शाम तक बस स्टैंड परिसर से डिपो की 54 बसों को रवाना किया जा चुका था। कई बसें अपने गंतव्यों के दो-तीन चक्कर भी लगा चुकी थी।

----

इन कर्मचारियों पर केस

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सिटी थाना पुलिस ने मैनेजमेंट के 18 और वर्कशॉप के 20 कर्मचारियों के खिलाफ ईएसएम एक्ट 1974 के तहत केस दर्ज किया है। केस दर्ज होने वालों में 82 चालक और 84 परिचालक भी शामिल हैं।

--------

वर्जन :

तालमेल कमेटी हरियाणा ने शुक्रवार तक हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया है। बृहस्पतिवार को भी सामान्य अस्पताल परिसर में प्रदर्शन जारी रखेंगे। सरकार ने केस दर्ज कराने, गिरफ्तारी करने और मांगे न मानने के गलत फैसले लिये है।

राजपाल, राज्य सचिव, सर्व कर्मचारी संघ।

वर्जन :

हड़तालरत कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नेता रणबीर शर्मा समेत 192 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। हड़ताल पर गए कर्मचारियों को लौटने के आदेश दिए हैं। सात कच्चे कर्मचारियों को जल्द ही निलंबित किया जा सकता है।

-अशोक छिक्कारा, ड्यूटी मजिस्ट्रेट व बीडीपीओ मतलौडा।

-------

वर्जन :

हड़ताल करने वाले कर्मचारियों की विडियोग्राफी करा ली है। सिटी थाने में इसकी कॉपी भेज दी गई है। जल्द ही डीसी सुमेधा कटारिया, एसपी मनबीर ¨सह और विभागीय हेडक्वार्टर में भी इसकी कॉपी भेजी जाएगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

परमार एसपी, डीटीसी।

chat bot
आपका साथी