करनाल के इस शुगर मिल से 130 गांवों को मिलेगा फायदा, 30 को ट्रायल

करनाल में शुगर मिल होने से यहां के 130 गांवों को फायदा मिलेगा। 30 मार्च को ट्रायल है। डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा सीजन में मिल की क्षमता 35 लाख टन से बढ़कर 55 लाख क्विंटल होगी। 270 करोड़ रुपये मंजूर करके किसानों को एक बड़ा तोहफा दिया गया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 24 Mar 2021 05:19 PM (IST) Updated:Wed, 24 Mar 2021 05:19 PM (IST)
करनाल के इस शुगर मिल से 130 गांवों को मिलेगा फायदा, 30 को ट्रायल
करनाल के शुगर मिल का 30 को ट्रायल।

करनाल, जेएनएन। करनाल में शुगर मिल बनने से इस क्षेत्र के करीब 130 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। मिल का 30 मार्च को ट्रायल किया जाएगा और अगले पिराई सत्र में यह मिल पूर्ण रूप से काम करेगा। इस मिल की क्षमता सीजन में करीब 55 लाख क्विंटल गन्ना पिराई की होगी।

डीसी निशांत कुमार ने बुधवार को करनाल की सहकारी चीनी मिल के नवीनीकरण के कार्य का अवलोकन कर रहे थे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिलाया कि यह मिल अगले सीजन में पूर्ण रूप से चालू हो जाएगा। कोरोना के कारण 3-4 महीने इसका कार्य देरी से चल रहा है। किसानों की सुविधा के लिए मिल में शौचालय, किसान - मजदूर कैंटीन व विश्राम गृह बनाया गया है।

डीसी ने कहा कि 42 साल के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने किसानों की जरूरत को समझते हुए 270 करोड़ रुपये मंजूर करके किसानों को एक बड़ा तोहफा दिया है। यह शुगर मिल राष्ट्रीय स्तर पर विख्यात है। कई बार इस मिल को सम्मानित किया जा चुका है।

एमडी शुगरमिल अदिति ने अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मिल प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है। पहले इस मिल की क्षमता 35 लाख टन थी अब इसकी क्षमता 56 लाख टन हो गई है। इस क्षेत्र के किसान अपने गन्ने को मजबूरीवश दूसरी जगह ले जाते थे, उन्हें काफी दिक्कत होती थी। मिल शुरू होने के बाद उनका सारा गन्ना यहीं पर खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि मिल द्वारा किसानों को अधिक से अधिक गन्ना उगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस मिल में बिजली संयंत्र भी लगाया गया है जिससे बिजली बनाने में मदद मिलेगी।

भाकियू ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने शुगरमिल शुरू होने के लिए जिला प्रशासन के कार्य की सराहना की और उन्होंने मुख्यमंत्री का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात दी है, यह उनकी वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने शुगरमिल प्रशासन को आश्वासन दिलाया कि मिल को गन्ने की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस मिल के चालू होने से किसानों के चहरे पर खुशी है। इसके लिए उन्होंने उपायुक्त निशांत कुमार यादव का भी आभार प्रकट किया। कैन मैनेजर वजीर सिंह ने किसानों को मिल द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर उप चेयरमैन प्रदीप मंगलौरा सहित सैंकड़ों किसान उपस्थित रहे।

गन्ना कटाई मशीन की मांग

डीसी के अवलोकन के दौरान किसानों ने उपायुक्त से मांग की कि गन्ने की कटाई के लिए मजदूरी काफी मंहगी होती जा रही है और समय पर मजदूर नहीं मिलते, इसके लिए उन्हें काफी दिक्कत हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि महाराष्ट्र की तर्ज पर गन्ना कटाई मशीन की व्यवस्था करवाई जाए। डीसी ने किसानों को आश्वासन दिलाया कि वह शीघ्र ही ट्रायल के लिए एक मशीन की व्यवस्था कराएंगे। उसके बाद यदि उचित हुआ तो किसानों को मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी