जींद उपचुनाव: भाजपा के अंदरूनी सर्वे में वैश्य अथवा ब्राह्मण को टिकट का रुझान

जींद उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्‍याशी को लेकर चर्चाअों का बाजार गर्म है। पार्टी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में वैश्‍य या ब्राह्मण उम्‍मीदवार की बात सामने आ रही है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 08 Jan 2019 06:58 PM (IST) Updated:Wed, 09 Jan 2019 09:49 AM (IST)
जींद उपचुनाव: भाजपा के अंदरूनी सर्वे में वैश्य अथवा ब्राह्मण को टिकट का रुझान
जींद उपचुनाव: भाजपा के अंदरूनी सर्वे में वैश्य अथवा ब्राह्मण को टिकट का रुझान

चंडीगढ़, जेएनएन।  हरियाणा की राजनीतिक राजधानी कहे जाने वाली जींद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्‍याशी को लेकर ऊहापोह और कयासबाजी का दौर जारी है। चर्चाएं गर्म है कि सत्तारूढ़ भाजपा पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता पर दांव खेल सकती है। भाजपा की ओर से कराए गए अंदरूनी सर्वे में मांगेराम गुप्ता मजबूत उम्मीदवार के रूप में उभरकर सामने आए हैैं। जींद में आठ चुनाव लड़ चुके मांगेराम गुप्ता विधानसभा के चार चुनाव जीते और चार चुनाव हारे हैैं।

मांगेराम गुप्ता पर दांव खेलने की संभावना अधिक, बेटे महावीर को टिकट से इन्कार

करीब 80 साल के मांगेराम अपने बेटे महावीर गुप्ता के लिए भाजपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा ने उनके बेटे पर दांव खेलने से साफ इन्कार कर दिया है। राजनीति के अनुभवी खिलाड़ी मांगेराम गुप्ता किस्मत के बेहद धनी हैैं। उम्र के इस पड़ाव में भी उन्हें भाजपा, जननानयक जनता पार्टी और इनेलो टिकट देने को तैयार है।

भाजपा के संपर्क में आने से पहले मांगेराम गुप्ता जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला के संपर्क में थे। अचानक उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चलीं। तभी इनेलो नेता अभय चौटाला ने मांगेराम गुप्ता से संपर्क साधा। जाटलैैंड जींद में भाजपा गैर जाट कार्ड खेलेगी। पार्टी की कोशिश किसी वैश्य अथवा ब्राह्मण पर ही दांव खेलने की है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल चूंकि पंजाबी हैैं, इसलिए पार्टी इस वोट बैैंक को अपना मान कर चल रही है।

वैश्य बिरादरी से मांगेराम गुप्ता सबसे प्रभावी नेता बताए जा रहे हैैं। भाजपा पर्यवेक्षक ओमप्रकाश धनखड़ और सुधा यादव ने भी वैश्य बिरादरी को टिकट देने की सिफारिश की है। हालांकि कहा जा रहा कि मांगेराम का नाम भाजपा के पैनल में नहीं है, लेकिन इसके बाद भी पार्टी की चाह उन्हें ही टिकट देने की है, ताकि भाजपा की जीत का संदेश लोकसभा और विधानसभा चुनाव में ठीक तरीके से जाए।

भाजपा सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक पर भी दांव खेलना चाहती थी, मगर उनसे अधिक मजबूत उम्मीदवार पार्टी को मांगे राम गुप्ता लग रहे हैैं। भाजपा बुधवार को पार्टी प्रत्याशी का नाम घोषित कर सकती है। यही स्थिति कांग्रेस, इनेलो और जननानयक जनता पार्टी की है। भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की पार्टी लोकतंत्र रक्षा मंच से ब्राह्मïण पवन आश्री को उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है। पवन आश्री जातिगत समीकरणों के आधार पर भाजपा को थोड़ा बहुत नुकसान पहुंचा सकते हैैं।

विपुल गोयल, कृष्ण बेदी और नायब सैनी ने संभाला मोर्चा

जींद उपचुनाव में उम्मीदवार घोषित हुए बिना भाजपा ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर तीन मंत्रियों ने जींद में मोर्चा संभाल लिया। उद्योग मंत्री विपुल गोयल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी तथा श्रम राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी जींद में डेरा डाले हुए हैैं। विपुल गोयल वैश्य बिरादरी का प्रतिनिधित्व करते हैैं।

नायब सिंह सैनी को भाजपा सांसद राजकुमार सैनी के मतों की काट के लिए भेजा गया है। कृष्ण कुमार बेदी पिछड़े वर्ग को लुभाने का काम करेंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया के अनुसार भाजपा जींद उपचुनाव हर हाल में बड़े अंतर के साथ जीतेगी।

भजनलाल और हुड्डा की सरकार में मंत्री रह चुके मांगेराम

पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता ने सन 1977 में आजाद उम्मीदवार होते हुए जनता पार्टी के प्रताप सिंह को हराया और विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वर्ष 1991 में कांग्रेस के टिकट पर जनता पार्टी के टेकराम को हराया। वर्ष 2000 में कांग्रेस प्रत्याशी होते हुए इनेलो के गुलशन लाल को हराया।

सन् 2005 में कंाग्रेस उम्मीदवार मांगेराम गुप्ता ने इनेलो के सुरेंद्र बरवाला को हराया। लंबे समय तक प्रदेश की राजनीति में महत्पूर्ण कद रखने वाले मांगेराम गुप्ता पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल और भूपेंद्र हुड्डा की सरकार में मंत्री रहे हैं।

chat bot
आपका साथी