गांवों में बनाई जाएंगी एक हजार और व्यायामशालाएं: संदीप सिंह

युवाओं में खेल व योग से जोड़ने के लिए प्रदेश के गांवों में एक हजार और व्यायामशालाएं बनाई जाएंगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 08:23 PM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 06:10 AM (IST)
गांवों में बनाई जाएंगी एक हजार और व्यायामशालाएं: संदीप सिंह
गांवों में बनाई जाएंगी एक हजार और व्यायामशालाएं: संदीप सिंह

जागरण संवाददाता, पंचकूला : युवाओं में खेल व योग से जोड़ने के लिए प्रदेश के गांवों में एक हजार और व्यायामशालाएं बनाई जाएंगी। इसके अलावा इन व्यायामशालाओं में योग प्रशिक्षक और आयुष सहायक भी तैनात किए जाएंगे। यह बात हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री संदीप सिंह ने पिजौर खंड के गांव कीतरपुर में लगभग दो एकड़ में नई बनाई गई योग एवं व्यायामशाला का उद्घाटन के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि विभाग के लक्ष्य अनुसार अब तक 1107 व्यायामशालाएं बनाई जा चुकी हैं। गुरु पुर्णिमा के अवसर पर यह नायाब तोहफा प्रदेश के योग गुरुओं और खेल प्रशिक्षकों के प्रति समर्पित है। सरकार ने निर्णय लिया है कि अब इन व्यायामशालाओं को जिला परिषद के अधीन किया जाएगा, ताकि जिला परिषदें इनमें और कार्य करवाकर गांवों के युवाओं का जीवन स्वर्णिम बना सके। सरकार के इस निर्णय अनुसार व्यायामशालाओं के पटल पर संबधित सरपंच का नाम लिखवाया गया है। गुरुजन अपने शिष्य का शारीरिक और मानसिक विकास करता है और योग से मनुष्य का संपूर्ण विकास संभव है। व्यायामशालाओं में खोले जाएंगे वेलनेस सेंटर

खेल मंत्री ने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के साथ योग से आयुर्वेद पद्वति का भी सहयोग लिया गया है। इसलिए प्रदेश के विभिन्न गांवों की व्यायामशालाओं में 20 वेलनेस सेंटर भी खोले जाएंगे। इन सेंटरों में आयुर्वेद उपचार की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। इस प्रकार प्रदेश के युवाओं का जीवन ओर अधिक सुखमय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में बनाई जा चुकी हैं 14 व्यायामशालाएं

उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिला के विभिन्न गांवों में 14 व्यायामशालाएं बनाई गई हैं। इसके अलावा तीन और व्यायामशालाओं का काम चल रहा है। इनमें गांव रतेवाली और पपलोहा शामिल है। प्रत्येक व्यायामशाला में 20 से 25 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस व्यायामशाला में योग करने और खेलने के लिए भी मैदान तैयार किया गया है। इसमें सैर करने के लिए पांच फीट चौड़ा ट्रैक भी बनाया गया है।

व्यायामशाला में किया पौधारोपण

इस दौरान खेल एवं युवा मामलों के मंत्री संदीप सिंह, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, एसडीएम राकेश संधू, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कंवर दमन सिंह ने व्यायामशाला में पौधारोपण भी किया। इस मौके पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दलीप मिश्रा, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी सतपाल शर्मा सहित गांव के सरंपच एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी