खिलाड़ियों के लिए बूस्टर का काम करेगी मोदी डोज, पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने हरियाणा की पीठ ठोंकी

Man Ki Baat प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मन की बात में हरियाणा के खिलाड़‍ियों राज्‍य सरकार और खेलो इंडिया यूथ गेम्‍स के सफल आयोजन के लिए सराहना की। मोदी डोज से हरियाणा के खिलाड़‍ियों के लिए बूस्‍टर का काम करेगी।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Sun, 26 Jun 2022 05:44 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jun 2022 08:53 AM (IST)
खिलाड़ियों के लिए बूस्टर का काम करेगी मोदी डोज, पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने हरियाणा की पीठ ठोंकी
पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने आज हरियाणा के खिलाडि़याें व राज्‍य सरकार की पीठ ठोंकी। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा की मेजबानी में बेहद सफल तरीके से हुए चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की धमक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक भी पहुंची है। मन की बात कार्यक्रम में कई बार हरियाणा की प्रतिभाओं, राज्य सरकार के फैसलों और नई पहल की तारीफ कर चुके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को एक बार फिर हरियाणा की पीठ ठोंकी है।

प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सफल आयोजन के लिए न केवल हरियाणा की मनोहर सरकार की प्रशंसा की, बल्कि यहां के खिलाड़ियों द्वारा बनाए गए रिकार्ड पर उनका उत्साह बढ़ाया है। मोदी महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कुल 12 रिकार्ड टूटे हैं, जिनमें 11 रिकार्ड महिला खिलाड़ियों ने तोड़े हैं।

हरियाणा सरकार की मेजबानी पंचकूला में दस दिन चले चौथे राष्ट्रीय खेल

प्रधानमंत्री ने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 90वें एपिसोड में हरियाणा के खेल, खिलाड़ियों और सरकार की मेजबानी की तारीफ करने पर काफी समय लगाया। उन्होंने खेलो इंडिया में पांच स्वदेशी खेलों मलखंभ, योगासन, कलियारापट्टू, थांग-ता और गतका का जिक्र करते हुए इन प्रयासों की सराहना की।

अभी तक यह खेल सिर्फ कुछ राज्यों तक ही सीमित थे। हरियाणा की मेजबानी में 10 दिन तक पंचकूला में चले राष्ट्रीय खेलों में इन पांच स्वदेशी खेलों को पहली बार शामिल किया गया है। इन खेलों में कुल 25 खेलों की प्रतियोगिताएं हुई, जिनमें 4700 खिलाडियों ने भाग लिया। इनमें भी 2262 लड़कियां शामिल हैं।

पहली बार पांच स्वदेशी खेलों को किया गया था राष्ट्रीय खेलों में शामिल

खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत 2018 में हुई थी। तब से दिल्ली, पुणे और गुवाहटी के बाद अब पंचकूला में राष्ट्रीय खेलों का चौथा संस्करण हरियाणा की मेजबानी में हुआ है। हालांकि यह राष्ट्रीय खेल पिछले साल आयोजित किये जाने थे, लेकिन कोरोना महामारी के असर के चलते यह एक साल देरी से हुए हैं। साल 2022 के खेलों का जल्दी आयोजन कर केंद्रीय खेल मंत्रालय इस एक साल के अंतर को खत्म करने की तैयारी कर रहा है। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने दो बार पंचकूला आए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऐसे संकेत दिए थे।

राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के बावजूद दूसरी बार चैंपियन बना हरियाणा

हरियाणा द्वारा इन खेलों के आयोजन पर करीब ढ़ाई सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। देश भर के करीब साढ़े आठ हजार खिलाड़ियों, अधिकारियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी स्टाफ ने इस प्रतियोगिता में भागीदारी करते हुए हरियाणा के आतिथ्य का लाभ उठाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में नीरज चोपड़ा द्वारा अपना ही रिकार्ड तोड़ने की चर्चा करते हुए कहा कि स्पोर्ट्स और स्पेस स्टार्टअप से हम विकास करने की दिशा में प्रयासरत हैं। मोदी ने ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा को फिनलैंड और कुर्ताने गेम्स में पदक जीतने पर दी बधाई देने के साथ ही रोहतक की 14 वर्षीय कुश्ती खिलाड़ी तनु के गोल्ड जीतने पर की प्रशंसा। तनु के पिता एक स्कूल में बस चालक हैं। इससे पहले मोदी हरियाणा की खिलाड़ी उन्नति हुड्डा की तारीफ कर चुके हैं।

हरियाणा 52 स्वर्ण समेत 137 पदक के साथ बना चैंपियन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। हरियाणा के मुक्केबाजों ने आखिली दिन 10 स्वर्ण पदकों पर गोल्डन पंच लगाते हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स का विजेता बनने का गौरव हासिल िया था। उसने पहले दिन से टक्कर दे रहे महाराष्ट्र को अंतिम दिन पछाड़ा।

हरियाणा ने 52 स्वर्ण पदक समेत कुल 137 पदक जीते, जबकि महाराष्ट्र 45 स्वर्ण समेत 125 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। कर्नाटक के तैराक अनीश गौड़ा ने सर्वाधिक छह स्वर्ण पदक जीते। एक बार तो हरियाणा और महाराष्ट्र 41-41 स्वर्ण के साथ बराबरी पर थे।

महाराष्ट्र के लड़कों ने सुबह मलखंभ और लड़के-लड़कियों में खो-खो का स्वर्ण जीतकर हरियाणा को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद हरियाणा की लड़कियों ने हैंडबाल में हिमाचल प्रदेश को रोमांचक संघर्ष में 29-28 से हराकर स्वर्ण पदक के अंतर को कम किया, लेकिन जैसे ही मुक्केबाजी की बारी आई, हरियाणा ने महाराष्ट्र को काफी पीछे छोड़ दिया। हरियाणा की आठ में से छह लड़कियों और पांच में से चार लड़कों ने स्वर्ण पदक जीतकर महाराष्ट्र को काफी पीछे छोड़ दिया था। हरियाणा ने बाक्सिंग में 10 और कुश्ती में 16 स्वर्ण जीतकर अपना दबदबा बनाया।

--------

' प्रधानमंत्री से हमें लगातार मिलती है प्रेरणा और ऊर्जा'

'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम में लगातार हरियाणा सरकार की योजनाओं, उनके कार्यक्रमों, यहां की प्रतिभाओं और परियोजनाओं के बारे में जिक्र करते हैं। यह हमारे लिये किसी टानिक से कम नहीं है। प्रधानमंत्री जी का उत्साहवर्धन हमें नई प्रेरणा और असीम ऊर्जा प्रदान करता है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन में हरियाणा ने अपना बेस्ट दिया। यहां के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी धमक जमाई। यह दूसरी बार है, जब हरियाणा राष्ट्रीय खेलों में चैंपियन बना। हम राज्य में खेलों के ढांचागत सुधार और खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार खेल अकादमी बनाने जा रही है और पंचकूला में करीब 200 खिलाड़ियों के रहने के लिए छात्रावास बनेगा।

                                                                                                   - मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा। 

chat bot
आपका साथी