Adampur By Election: कुलदीप बिश्‍नोई ने बेटे के लिए मांगा भाजपा टिकट, मनोहर और धनखड़ करेंगे फैसला

Adampur By Election कुलदीप बिश्‍नोई ने आदमपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में अपने बेटे भव्‍य बिश्‍नोई के लिए भाजपा टिकट मांगा है। हरियाणा भाजपा की बैठक में कुलदीप ने यह अनुरोध किया। अब इस बारे में सीएम मनोहर लाल और हरियाणा भाजपा अध्‍यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ फैसला करेंगे।

By Anurag AggarwaEdited By: Publish:Fri, 07 Oct 2022 01:06 AM (IST) Updated:Fri, 07 Oct 2022 08:25 AM (IST)
Adampur By Election: कुलदीप बिश्‍नोई ने बेटे के लिए मांगा भाजपा टिकट, मनोहर और धनखड़ करेंगे फैसला
आदमपुर सीट के उपचुनाव के बारे में चर्चा करते सीएम मनोहर लाल व हरियाणा भाजपााके नेता। (जागरण)

जागरण संवाददाता, पंचकूला। Adampur By Election: हरियाणा भाजपा के पदाधिकारियों व प्रदेश चुनाव समिति की बैठकों में मंथन के बाद कई अहम फैसले लिए गए। कांग्रेसी से भाजपाई हुए पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर के रण में स्वयं न उतरने की बात कही और अपने बेटे भव्य बिश्नोई के लिए टिकट मांगा है। भाजपा की चुनाव समिति ने टिकट देने का निर्णय मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पर छोड़ दिया है।

पंच, सरपंच व पंचायत समिति के चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ेगी भाजपा

दूसरी ओर, भाजपा ने पंच, सरपंच और पंचायत समिति के सदस्यों का चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ने का फैसला किया, जबकि जिला परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ने अथवा नहीं लड़ने का फैसला पार्टी की जिला इकाइयों पर छोड़ दिया है। जिला परिषद के चुनाव में भाजपा अपनी सहयोगी पार्टी जजपा के साथ गठबंधन करेगी अथवा नहीं, यह फैसला भी जिला इकाइयों पर छोड़ दिया गया है। जहां उन्हें उचित लगेगा, वहां दोनों दल मिलकर लड़ सकते हैं।

हरियाणा में भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर बड़ी रैली करने का फैसला  

भाजपा सरकार और संगठन के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार के आठ साल पूरे होने पर प्रदेश में बड़ी रैली करने का निर्णय लिया है। फिलहाल चूंकि पंचायत चुनाव और आदमपुर चुनाव हो रहे हैं, इसलिए नवंबर माह के तीसरे सप्ताह में यह रैली होगी। प्रदेश सरकार के कार्यकाल के आठ साल 27 अक्टूबर को पूरे हो रहे हैं।

भाजपा चुनाव समिति की बैैठक में प्रदेश प्रभारी बिप्‍लब कुमार देब भी हुए शामिल

भाजपा चुनाव समिति की बैठक में हरियाणा भाजपा के नए प्रभारी बिप्लब कुमार देब, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, प्रांतीय संगठन मंत्री रवींद्र राजू और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला समेत कई पार्टी नेताओं ने भागीदारी की। बैठक में शामिल हुए कुलदीप बिश्नोई ने चुनाव समिति से आग्रह किया है कि वह खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं और अपने बेटे भव्य बिश्रोई को आदमपुर सीट से मैदान में उतारने चाहते हैं। इसलिए भव्य के नाम पर विचार किया जाए।

धनखड़ ने कहा, अभी आदमपुर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी तय नहीं 

बैठकों के बाद पत्रकारों से बातचीत में ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि आदमपुर उपचुनाव को लेकर अभी उम्मीदवार का नाम तय नहीं किया गया है। आदमपुर में भाजपा का उम्मीदवार कौन हो, इसी की जिम्मेदारी चुनाव समिति ने मुझे और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंपी है। जल्द ही पैनल तैयार कर पार्टी हाईकमान को भेजा जाएगा।

धनखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने फैसला लिया है कि पंचायत चुनाव सिंबल पर नहीं लड़े जाएं, लेकिन कार्यकर्ता जरूर मैदान में होंगे। चुनाव लडऩे वालों को कोई रोक नहीं सकता। बैठक में सिंबल पर चुनाव लड़ने और नहीं लड़ने के दोनों तरह के मत आ रहे थे। उन्‍होंंंने बताया कि भाजपा नवंबर माह के तीसरे सप्ताह में प्रदेश सरकार के आठ साल के विकास कार्यों को लेकर एक विराट रैली करेगी। 27 अक्टूबर को सरकार के 8 साल पूरे हो रहे हैं। उसी दिन डा. मंगलसेन की जयंती है। भाजपा बूथ स्तर पर डा. मंगलसेन की जयंती मनाएगी।

बूथ जीता, चुनाव जीता: बिप्लब देव

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने कहा कि उत्तर-पूर्व के किसी कार्यकर्ता को पहली बार प्रभारी बनाया गया है। देब ने बैठक में बूथ जीता, चुनाव जीता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा,  मैं हरियाणा के हर बूथ तक प्रवास करूंगा, क्योंकि बूथ की मजबूती से ही चुनाव में सफलता मिलती है। इसलिए बूथ को मजबूत करना मेरा लक्ष्य है। मैं यहां नेता बनने नहीं बल्कि आप के साथ मिलकर काम करने के लिए आया हूं, मैं चाहूंगा कि हम सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर पार्टी को आगे बढ़ाएं, क्योंकि पीएम मोदी का नाम आज हमारे लिए विकास का दूसरा नाम है।

प्रदेश प्रभारी ने मंत्रियों व विधायकों से किया संवाद

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब गुरुवार चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने उनकी अगुवानी की। पार्टी के मीडिया प्रभारी डा. संजय शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने उनका स्वगात किया।

इसके बाद पंचकूला स्थित पंचकमल प्रदेश कार्यालय में पंचायत चुनाव की बैठक हुई। उसके बाद चुनाव समिति की बैठक हुई। संगनात्मक दृष्टि से प्रदेश प्रभारी का यह पहला संगठनात्मक प्रवास है, जिसमें वे सभी मंत्रियों एवं कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए।

chat bot
आपका साथी