जजपा का दबाव नहीं आया काम, उपचुनाव के बाद ही होगा हरियाणा कैबिनेट में विस्तार

Haryana Cabinet Expansion हरियाणा कैबिनेट में विस्‍तार के लिए जननायक जनता पार्टी का दबाव काम नहीं आया। भाजपा हाईकमान से फिलहाल कैबिनेट विस्‍तार के लिए हरी झंडी नहीं मिली। अब राज्‍य में कैबिनेट विस्‍तार दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव के बाद ही होगा।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Mon, 29 Mar 2021 08:20 AM (IST) Updated:Mon, 29 Mar 2021 08:20 AM (IST)
जजपा का दबाव नहीं आया काम, उपचुनाव के बाद ही होगा हरियाणा कैबिनेट में विस्तार
हरियाणा के सीएम मनोहरलाल और उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला की फाइल फोटो।

नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। Haryana Cabinet Expansion: हरियाणा में कैबिनेट विस्‍तार के लिए जननायक जनता पार्टी का तर्क और दबाव काम नहीं आया है। भाजपा नेतृत्‍व ने राज्‍य में कैबिनेट विस्‍तार के लिए अभी हरी झंडी नहीं दी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने तर्कों से मुख्यमंत्री दिल्ली दरबार को संतुष्ट करने में सफल रहे। मनोहर मंत्रिमंडल का विस्तार अब राज्य में होने वाले दो उपचुनावों के बाद ही होगा। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री का तर्क है कि राज्य में दो उपचुनाव होने हैं। इनके बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाए। मनोहर मंत्रिमंडल में दो सीट खाली हैं। इनमें एक भाजपा की तो दूसरी जजपा कोटे की सीट है।

सीएम ने नड्डा के बाद गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर दिया दुष्यंत के दबाव का फीडबैक

गठबंधन की मनोहर सरकार में जजपा नेता और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला चाहते हैं कि उपचुनाव से पहले ही उनके एक विधायक को मंत्री बना दिया जाए। मुख्यमंत्री जजपा के इस दबाव की बाबत राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को फीडबैक देने  25 मार्च को दिल्ली पहुंचे थे। तब पश्चिम बंगाल चुनाव दौरे पर होने के कारण उनकी मुलाकात गृहमंत्री अमित शाह से नहीं हुई थी। रविवार सायं गृहमंत्री अमित शाह को एक घंटे की मुलाकात के दौरान राज्य के तमाम राजनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी देने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारिक तौर पर कहा कि अभी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

शाह से मिले बिना ही सिरसा के लिए हुए रवाना दिल्ली में मौजूद उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा संगठन की बाबत गृहमंत्री से तो नहीं मगर पिछली बार नड्डा से मुलाकात के दौरान उनकी विस्तृत चर्चा हुई थी। तब यह निर्णय हुआ था कि पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे से पार्टी वरिष्ठ नेता 5 या 6 अप्रैल को वापस लौटेंगे और इसके बाद प्रदेश भाजपा का संगठन तय कर लिया जाएगा।

पंजाब में भाजपा विधायक की पिटाई से अाहत हैं सीएम

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह को उन्होंने किसान आंदोलन से अलग राज्य में शांति बनाए रखने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसान आंदोलन के चलते एहतियात भी बरत रही है। पंजाब की तरह नहीं कि वहां भाजपा विधायक की सरेआम पिटाई कर दी गई और पुलिस मूकदर्शक बनी खड़ी रही। सीएम ने कहा कि विधायक की पिटाई से वे काफी आहत हैं और पंजाब सरकार को इसकी बाबत कड़ा संज्ञान लेना चाहिए।

एक अप्रैल से गेहूं की खरीद के इंतजामों से भी कराया अवगत

मुख्यमंत्री ने बताया कि गृहमंत्री को राज्य में बजट सत्र के दौरान कांग्रेस द्वारा लाए अविश्वास प्रस्ताव से लेकर एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद का विस्तृत ब्योरा दिया। गृहमंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा है। कोरोना संक्रमण के फैलाव से बचाव के राज्यस्तरीय उपायों से भी सीएम ने गृहमंत्री को अवगत कराया। सीएम ने कहा कि वह आज दिल्ली में मौजूद कुछ केंद्रीय मंत्रियों से विभागीय कार्यों के लिए मिल सकते हैं मगर त्योहार के मौके पर यह कितना संभव होगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता।

उमंग-उल्लास व रंगों के पर्व को शांतिपूर्वक मनाए प्रदेशवासी

मुख्यमंत्री ने होली के त्योहार पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे उमंग-उल्लास व रंगों के इस पर्व को शांतिपूर्वक मनाएं। कोरोना संक्रमण के फैलाव के चलते बड़ी संख्या में एकत्रीकरण न करें। लोग अपने घरों में रहकर इस त्योहार को मनाएं।

chat bot
आपका साथी