राहुल गांधी की दिल्‍ली रैली से पहले पूर्व सीएम हुड्डा ने दिखाई ताकत

हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्‍ली में 29 अप्रैल को होने वाली पार्टी अध्‍यक्ष राहुल गांधी की रैली से पहले अपनी ताकत दिखाई।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 26 Apr 2018 12:46 PM (IST) Updated:Thu, 26 Apr 2018 09:10 PM (IST)
राहुल गांधी की दिल्‍ली रैली से पहले पूर्व सीएम हुड्डा ने दिखाई ताकत
राहुल गांधी की दिल्‍ली रैली से पहले पूर्व सीएम हुड्डा ने दिखाई ताकत

जेएनएन, चंडीगढ़। दिल्ली के रामलीला मैदान में 29 अप्रैल को पार्टी अध्यक्ष  राहुल गांधी की रैली से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को बुलाकर हाईकमान को अपनी ताकत दिखा दी। हुड्डा के बुलावे पर उनके दिल्ली स्थित आवास पर बुधवार को पूर्व सीएम भजन लाल के विधायक पुत्र कुलदीप बिश्नोई सहित 14 विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं नेता जुटे।

बैठक के बाद हुड्डा ने घोषणा की कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में हरियाणा से सबसे ज्यादा लोग पहुंचेंगे। हालांकि प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी बैठक में नहीं दिखे। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व विधायक रणदीप सुरजेवाला इन दिनों कर्नाटक दौरे पर हैं।

रैली की तैयारियों के लिए बुलाए कार्यकर्ता सम्मेलन में कुलदीप बिश्नोई सहित 14 कांग्रेस विधायक पहुंचे।

बेशक कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव अशोक गहलोत और प्रदेश प्रभारी कमलनाथ ने 17 अप्रैल को पार्टी के 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित वार रूम की बैठक से गुटों में बंटे हरियाणा कांग्रेस नेताओं को एकजुट दिखाई देने का संदेश दिया था।

हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को स्पष्ट कर दिया था कि वे रैली में कोई पगड़ी या पटका पहनकर नहीं आएं। सिर्फ कांग्रेस, सोनिया और राहुल गांधी के ही नारे लगाएं। बावजूद इसके हुड्डा समर्थक विधायकों ने रैली में अपनी अलग पहचान दिखाने के लिए नया तरीका ढूंढ लिया है।

सोनीपत के राई विधानसभा क्षेत्र से विधायक जयतीर्थ दहिया हुड्डा आवास पर गांधी टोपी पहनकर आए और संकल्प लिया कि जब तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे तब तक वे गांधी टोपी पहनकर रखेंगे। माना जा रहा है कि हुड्डा समर्थक अब रैली में गांधी टोपी पहनकर आएंगे ताकि वे अपनी अलग पहचान भी दिखा सकें।

किसानों को कर्ज मुक्त करेगी कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर किसानों को कर्ज मुक्त करेगी। किसान की फसल का भाव स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के हिसाब से तय होगा और इसमें यातायात का खर्चा भी शामिल किया जाएगा। किसान की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य 50 फीसद मुनाफे के साथ तय किया जाएगा। हुड्डा ने इस मौके पर भाजपा सरकार पर भी जमकर राजनीतिक प्रहार किए।

उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली रैली के बाद वे जनक्रांति यात्रा का अगला चरण शुरू करेंगे। पूर्व सीएम ने बाद में पत्रकारों के एक सवाल पर कहा कि रैली में बड़ी हाजिरी ही उनकी पहचान होगी। इस दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की खुशहाली के लिए कुछ नहीं किया। इस मौके पर विधायक कुलदीप बिश्नोई, पंडित भगवत दयाल शर्मा के पुत्र महादेव शर्मा, राव बिरेंद्र सिंह के पुत्र यादवेंद्र सिंह, बंसीलाल के पुत्र रणबीर महेंद्रा ने भी अपने विचार रखे।

chat bot
आपका साथी