हरियाणा में भाजपा की सहयोगी जजपा ने सरकार पर बनाया किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का दबाव

हरियाणा में भाजपा की गठबंधन सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने हरियाणा सरकार पर दवाब बनाना शुरू कर दिया है। जेजेपी ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की है ।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 03 Dec 2020 08:53 PM (IST) Updated:Thu, 03 Dec 2020 08:53 PM (IST)
हरियाणा में भाजपा की सहयोगी जजपा ने सरकार पर बनाया किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का दबाव
दिग्विजय सिंह चौटाला की फाइल फोटो ।

जेएनएन, चंडीगढ़।  हरियाणा में भाजपा सरकार में साझीदार जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने आंदोलनरत किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का दबाव बना दिया है। लंबी चुप्पी तोड़कर पहले जजपा अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला किसानों के हक में बोले। अब उनके बेटे इनसो अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने किसानों के लिए आवाज बुलंद की है।

किसान आंदोलन के दौरान जजपा की चुप्पी को लेकर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पर पूरे प्रदेश में विपक्ष हमलावर था। जजपा विधायकों व निर्दलीय विधायकों ने जब किसान आंदोलन का समर्थन शुरू किया तो जजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए किसानों के हक में आवाज उठाई है।

चंडीगढ़ में कुछ मीडिया कर्मियों से बातचीत में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर जजपा नेता जल्द ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात करेंगे। जजपा के प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. केसी बांगड़ और प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार और किसानों के बीच चल रहे वार्ता के दौर के सकारात्मक परिणाम किसानों के हित में आएंगे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अपनी बात रखने के लिए धरना-प्रदर्शन करना किसानों का अधिकार है। दिल्ली कूच के दौरान व्यवस्था स्थापित करने के लिए राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कदम उठाए और उस दौरान मुकदमे भी दर्ज हुए। हम भी किसान परिवार से जुड़े हुए हैंं और राज्य की सरकार भी किसानों की सरकार है, इसलिए प्रदेश सरकार मुकदमे वापस लेने की दिशा में तुरंत कदम उठाएं।

भाजपा व जजपा मिलकर लड़ेंगे स्थानीय निकाय चुनाव

निकाय चुनाव को लेकर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा व जजपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जजपा की निकाय कमेटी इस बारे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ से मुलाकात करेगी और चुनाव को गठबंधन द्वारा कैसे लड़ा जाए तथा सीटों के बंटवारे पर चर्चा की जाएगी।

chat bot
आपका साथी