फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित तीन नगर निगमों में सर्वे के आधार पर प्रत्याशी उतारेगी आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी हरियाणा की कोर कमेटी की बैठक में निगम चुनाव को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में तय हुआ है कि पार्टी फरीदाबाद गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम में सर्वे के आधार पर ही प्रत्याशी उतारेगी।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 28 Jun 2022 07:15 PM (IST) Updated:Wed, 29 Jun 2022 08:35 AM (IST)
फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित तीन नगर निगमों में सर्वे के आधार पर प्रत्याशी उतारेगी आम आदमी पार्टी
आप के हरियाणा प्रभारी डा. सुशील गुप्ता की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी हरियाणा की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डा. सुशील गुप्ता के निवास स्थान पर हुई। इसमें राष्ट्रीय सचिव डाक्टर पंकज गुप्ता के साथ प्रदेश से वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा, प्रदेश सह प्रभारी महेंद्र चौधरी, संगठन मंत्री प्रवीण प्रभाकर और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश प्रभारी डाक्टर सुशील गुप्ता ने अध्यक्षता की।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव में आम आदमी पार्टी को लगभग साढ़े दस फीसदी वोट प्राप्त हुए हैं। ये भाजपा के बाद सबसे ज्यादा हैं। आम आदमी पार्टी ही भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध में नंबर वन प्रदेश में विकल्प बनकर उभरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी के खिलाफ पूरा प्रशासनिक अमला लगा रखा था। हमारे उम्मीदवारों को प्रचार के लिए रोका जा रहा था। प्रदेश प्रभारी डाक्टर गुप्ता ने कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह से गांव जा कर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

पार्टी के संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को भी एक मौका देना चाहती है। वहीं आगामी चुनावों को देखते हुए जल्द ही पार्टी पदाधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी जाएगी।

निगम चुनावों के लिए कसी कमर

उन्होंने कहा कि नगर निगम के चुनाव भी आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जोर-शोर से लड़ेगी। प्रदेश में स्वच्छ और पारदर्शिता के साथ भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया जाएगा। चुनाव के लिए पार्टी ने प्रत्याशी चयन हेतू सर्वे भी कराना शुरू कर दिया है। फरीदाबाद, गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम में सर्वे के आधार पर ही प्रत्याशी उतारेगी।

chat bot
आपका साथी