तबादले नहीं होने पर खफा भाजपा विधायक

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : भाजपा विधायकों में कर्मचारियों के तबादले नहीं होने से खासी नाराजगी है। मुख्य

By Edited By: Publish:Wed, 05 Aug 2015 01:05 AM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2015 01:05 AM (IST)
तबादले नहीं होने पर 
खफा भाजपा विधायक

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : भाजपा विधायकों में कर्मचारियों के तबादले नहीं होने से खासी नाराजगी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा बुलाई गई स्टडी ग्रुप की बैठक में विधायकों ने तबादले नहीं होने का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने विधायकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जल्द ही तबादला नीति बनाने जा रही है, जिसके तहत कर्मचारियों के तबादले हो सकेंगे और उन्हें राजनीतिक सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मुख्यमंत्री निवास पर हुई भाजपा विधायकों के स्टडी ग्रुप की बैठक में 20 में से 18 विधायक शामिल हुए। इन स्टडी ग्रुप में हालाकि 30 विधायक शामिल हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की बैठक में स्टडी ग्रुप के अध्यक्ष विधायक ही बुलाए गए थे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री इन विधायकों के साथ रात्रिभोज में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्टडी ग्रुप के अध्यक्षों से अभी तक हुए कामकाज की पूरी रिपोर्ट हासिल की। उन्हें वह शिकायतें और सुझाव भी सौंपे गए, जो सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को पहुंच गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक अधिकारियों व आम लोगों से चर्चा करें और अपनी रिपोर्ट मंत्रियों तथा उन्हें भेजें, ताकि जनहित में फैसले लिए जा सकें।

बैठक में दक्षिण हरियाणा के राव इंद्रजीत समर्थक एक विधायक ने कर्मचारियों के तबादले नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विधायकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। मंत्री भी विधायकों के तबादला नोट पर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही तबादला नीति बन जाएगी, जिसके बाद कोई समस्या नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे भ्रष्टाचार पर निगाह रखें। सरकार पहले से भ्रष्टाचार पर नकेल कस रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अब नहीं सुधरने पर सीधे एक्शन होगा। बैठक में विधायकों को रक्षाबंधन के दिन सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना के तहत बहनों का बीमा कराने का सुझाव दिया, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को लाभ मिल सके। उन्होंने स्टडी ग्रुप की बैठकें भी करने का निर्देश दिया।

विधायकों के डिनर में तीन मंत्री और दो सीपीएस

मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया डिनर सिर्फ स्टडी ग्रुप के विधायकों के लिए था। फिर भी डिनर में तीन मंत्री और दो सीपीएस शामिल हुए। इनमें परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, घनश्याम सर्राफ और राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी तथा सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता व स. बख्शीश सिंह शामिल थे।

राव इंद्रजीत के डिनर में शरीक होंगे रामबिलास शर्मा

परिवहन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ले लिए जाने से नाराज शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा 7 अगस्त को केंद्रीय योजना एवं रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के डिनर में शामिल होंगे। भाजपा में चल रही डिनर डिप्लोमेसी के बीच रामबिलास शर्मा के इस कदम से पार्टी व सरकार दोनों में हलचल है। रामबिलास शर्मा ने साफ कह दिया कि वे राव इंद्रजीत के भोज में शामिल होने के लिए जरूर जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राव इंद्रजीत केंद्र सरकार में मंत्री हैं और उनके कार्यकाल में (जब रामबिलास भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे) पार्टी में शामिल हुए थे। राव इंद्रजीत ने अहीरवाल के विधायकों के साथ-साथ शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा को भी डिनर का न्योता दिया है, जबकि अपने धुर विरोधी पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर को नहीं बुलाया है।

chat bot
आपका साथी