गदपुरी टोल प्लाजा चालू होते ही पहले दिन लगा जाम

जागरण संवाददाता पलवल टोल हटाओ संघर्ष समिति द्वारा धरना समाप्ति की घोषणा के बाद बीते बृह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 01 Jul 2022 08:12 PM (IST) Updated:Fri, 01 Jul 2022 08:12 PM (IST)
गदपुरी टोल प्लाजा चालू होते ही पहले दिन लगा जाम
गदपुरी टोल प्लाजा चालू होते ही पहले दिन लगा जाम

जागरण संवाददाता, पलवल: टोल हटाओ संघर्ष समिति द्वारा धरना समाप्ति की घोषणा के बाद बीते बृहस्पतिवार रात 12 बजे के बाद से शुक्रवार को टोल प्लाजा शुरू हो गया, लेकिन सुबह मथुरा से दिल्ली की तरफ जाने वाली 12 में से छह लेन बंद होने के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सुबह से शाम तक वाहन जाम में फंसे रहे। चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बीच लोगों की टोल कर्मचारियों से कई बार बहस भी हुई। वाहन चालकों में एक-दूसरे से पहले निकलने की होड़ लगी हुई थी और लोग आपस में उलझते भी रहे।

इस टोल प्लाजा पर कुल 24 लेन बनाई गई हैं। 12 लेन फरीदाबाद की तरफ और 12 लेन पलवल की तरफ जाने वाले रास्ते पर बनाई गई हैं। बाइक, आटो, कृषि से जुड़े वाहनों का आवागमन निश्शुल्क है। शुक्रवार को सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग- 19 पर वाहनों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई, लेकिन छह लेन बंद होने कारण टोल प्लाजा पर मथुरा से दिल्ली की ओर जाने वाली लाइनों में वाहनों की कतार लग गई। वहीं देर शाम दिल्ली से मथुरा वाली लाइनों में भी वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ दोनों और भीषण जाम लग गया। जाम के दौरान पहले निकलने की जल्दी में वाहन एक-दूसरे की लाइन में घुस गए और फंस गए, जिसके चलते जाम के हालात बिगड़ गए। इस दौरान जाम से निपटने के लिए टोल पर कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दी।

टोल प्लाजा पर बने रहते जाम के हालात:

टोल प्लाजा पर अक्सर जाम के हालात बने रहते हैं। इसका कारण चालकों द्वारा शुल्क देने में देरी एवं फास्टैग ब्लैक लिस्ट होना रहता है। चालक प्लाजा पर पहुंचने पर ही फास्टैग कार्ड को रिचार्ज करते हैं, जबकि ब्लैक लिस्ट कार्ड का रिचार्ज करीब तीन मिनट बाद एक्टिव होता है। वहीं जिनके फास्टैग रिचार्ज नहीं होते हैं तो उनसे दोगुना टोल मांगा जाता है, जिसे देने में वाहन चालक आनाकानी करते हैं। इसके कारण नोकझोंक भी होती है और अक्सर जाम की समस्या भी बन जाती है।

200 रुपये हुआ मासिक पास:

इस टोल प्लाजा के शुरू होने के साथ ही जिले के गांव तूमसरा स्थित टोल प्लाजा को करमन बार्डर पर शिफ्ट कर दिया गया है। टोल कंपनी ने पहले टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के अंदर आने वाले सभी गांवों व शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए 315 रुपये का मासिक पास बनाने की घोषणा की थी, लेकिन कंपनी और टोल हटाओ संघर्ष समिति के बीच बनी सहमति के बाद अब लोगों को मासिक पास के लिए दो सौ रुपये का भुगतान करना होगा। आज टोल शुरू होने का पहला दिन था। तकनीकी खराबी आने के कारण छह लेन बंद रहीं। इन्हें शनिवार को चालू करा दिया जाएगा।

- वैभव शर्मा, परियोजना प्रमुख

दिल्ली आगरा टोल रोड लिमिटेड (संचालक रा. रा.2 दिल्ली आगरा खंड )

chat bot
आपका साथी