घोषणा के 24 घंटें भीतर पुलिसकर्मियों के तबादले

क्रासर हरियाणा प्रगति रैली में सीएम मनोहर लाल ने पुलिस महकमे में की थी तबादले की घोषणा

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 09:40 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 09:40 PM (IST)
घोषणा के 24 घंटें भीतर पुलिसकर्मियों के तबादले
घोषणा के 24 घंटें भीतर पुलिसकर्मियों के तबादले

क्रासर : हरियाणा प्रगति रैली में सीएम मनोहर लाल ने पुलिस महकमे में की थी तबादले की घोषणा

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका : हरियाणा सरकार ने नूंह जिले के पुलिस विभाग में फैल रहे भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए पुलिसकर्मियों के ताबड़तोड़ तबादले किए हैं। सरकार ने यहां से करीब 40 से अधिक पुलिस कर्मियों का ट्रांसफर किया है। दरअसल शनिवार को फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के गांव महूं चौपड़ा में आयोजित हुई हरियाणा प्रगति रैली के आयोजक पूर्व विधायक नसीम अहमद ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष पुलिस विभाग और बिजली निगम में बैठे भ्रष्टाचारी अधिकारियों कर्मचारियों की शिकायत की थी। सभा के दौरान ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंच से यह ऐलान किया था कि 24 घंटे के भीतर पांच साल से जिले में तैनात पुलिसकर्मियों के तबादले किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के आदेश के फौरन बाद हरियाणा पुलिस विभाग ने जिले में तबादलों की लिस्ट रविवार देर शाम जारी कर दी। तबादलों की लिस्ट जारी होते ही मेवात में जहां पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति देखी गई वहीं लोगों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व विधायक नसीम अहमद का तबादलों को लेकर आभार व्यक्त किया है।

ज्ञात रहे कि मुख्यमंत्री की हरियाणा प्रगति रैली के आयोजक अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नसीम अहमद ने मंच से मुख्यमंत्री के सामने कहा कि जिले में तैनात पुलिसकर्मी और बिजली निगम के अधिकारी कर्मचारी भ्रष्टाचार फैलाकर सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस नीति को पलीता लगा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विभाग के पुलिसकर्मी पहले तो लोगों पर नाजायज व झूठा मुकदमा दर्ज करते हैं फिर उसे रद करने के पैसे वसूलते हैं। ऐसे में इनका यहां से तबादला किया जाए। इसी तरह उन्होंने बिजली विभाग में फैल रहे भ्रष्टाचार पर भी बिजलीकर्मीयों की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष की थी। मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक की इस मांग पर त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया जिसके बाद रविवार शाम पुलिस के तबादलों की सूची जारी हो गई। नूंह जिले से करीब 40 से अधिक पुलिसकर्मियों के तबादले नारनौल व पलवल किया गया है। जिनमें अधिकांश पुलिसकर्मियों में एसआइ व एएसआइ रैंक के पुलिस कर्मचारी हैं।

chat bot
आपका साथी