श्रद्धालुओं की कटी जेबें और गायब हुए कपड़े

सोमवती अमावस्या पर ब्रह्मसरोवर व सन्निहित सरोवर पर स्नान करने के लिए आए कई श्रद्धालुओं की जेबें कटी। घाटों के किनारे अपना सामान रख कर स्नान के लिए सरोवर पर उतरे लोगों का चोरों ने सामान भी चोरी कर लिया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 04 Jun 2019 08:32 AM (IST) Updated:Tue, 04 Jun 2019 08:32 AM (IST)
श्रद्धालुओं की कटी जेबें और गायब हुए कपड़े
श्रद्धालुओं की कटी जेबें और गायब हुए कपड़े

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सोमवती अमावस्या पर ब्रह्मसरोवर व सन्निहित सरोवर पर स्नान करने के लिए आए कई श्रद्धालुओं की जेबें कटी। घाटों के किनारे अपना सामान रख कर स्नान के लिए सरोवर पर उतरे लोगों का चोरों ने सामान भी चोरी कर लिया। हालांकि घाटों पर पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए थे, मगर भीड़ के मुताबिक काफी कम थे। जिससे चोरों ने श्रद्धालुओं को खूब रुलाया।

ब्रह्मसरोवर पर स्नान के लिए आए कैथल के गांव चंदाना निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि वह सरोवर के मुख्य द्वार से जैसे ही अंदर घुसा तो भीड़ का फायदा उठा कर किसी ने उसकी जेब काट ली। उसकी जेब में साढ़े तीन सौ रुपये व कुछ जरूरी कागजात थे। कैथल के गांव बाबा लदाना निवासी कमलेश ने बताया कि चोरों ने उनका थैला चोरी कर लिया। थैले में दान देने के लिए आटा, चावल व एक सूट था। गांव खेड़ी निवासी प्रदीप के कपड़ों से चोरों ने पर्स चोरी कर लिया। जिसमें 175 रुपये व कागजात थे। अंबाला के गांव केसरी निवासी प्रकाशो ने बताया कि वे पांच-छह महिलाएं स्नान के लिए आई थी। सरोवर के किनारे वे अपना सामान रख कर नहाने लगी। सामान के पास उनकी टोली की एक महिला भी बैठी थी, मगर एक भीख मांगने वाली महिला वहां से सामान चोरी कर ले गई। पानीपत नगर निगम के पूर्व एक्सईएन का बैग चोरी

ब्रह्मसरोवर पर स्नान के लिए आए पानीपत नगर निगम के पूर्व एक्सईएन रामदास का चोरों ने बैग चोरी कर लिया। बैग में नकदी व एक सोने की अंगूठी थी। जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने ने थाना केयूके में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना केयूके के मुंशी ने बताया कि पुलिस के पास अभी तक पानीपत सेक्टर छह निवासी पूर्व एक्सईएन रामदास की ही शिकायत आई है। इस पर कार्रवाई की जा रही है। सूचना पर श्रद्धालुओं ने नहीं दिया ध्यान

ब्रह्मसरोवर पर केडीबी की ओर से लगातार सूचना दी जा रही थी कि यात्री अपने सामान व पैसों का ध्यान रखें। ब्रह्मसरोवर पर जेब कतरे व चोर घूम रहे हैं, मगर श्रद्धालुओं ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी