जागने के बाद फिर सो गई नगर परिषद

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : नगर परिषद अध्यक्ष के स्वयं के वार्ड नंबर 19 की जैन राइस कालोन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Feb 2018 01:35 AM (IST) Updated:Fri, 02 Feb 2018 01:35 AM (IST)
जागने के बाद फिर सो गई नगर परिषद
जागने के बाद फिर सो गई नगर परिषद

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : नगर परिषद अध्यक्ष के स्वयं के वार्ड नंबर 19 की जैन राइस कालोनी की सड़क जो काफी समय से खस्ताहल स्थिति में थी। कॉलोनी वासियों ने जगह-जगह गुहार भी लगाई, लेकिन सड़क नहीं बनी। मामला प्रदर्शन और दैनिक जागरण तक पहुंचा। दैनिक जागरण में समाचार प्रकाशित होते ही आनन-फानन में उस सड़क का निर्माण कार्य शुरू दिखा दिया गया। कॉलोनी वासियों ने भी राहत की सांस ली थी कि चाहे देर से ही सही रोज-रोज कीचड़ और दुर्घटनाओं से अब छुटकारा मिलेगा, मगर नगर परिषद की लापरवाही की इंतेहा तो देखिए उस सड़क को थोड़ा सा बना कर बीच में ही छोड़ दिया गया। और तो और निर्माण के लिए आई बची हुई सामग्री भी ठेकेदार वापिस उठा कर ले गए हैं। कॉलोनी वासियों ने एक बार फिर से नगर परिषद अध्यक्ष व दैनिक जागरण से गुहार लगाई है। वार्ड वासियों का कहना था कि जिस भरोसे से सर्वसम्मति से पार्षद को चुना था, उसके अनुसार वार्ड में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। शहर की सड़कों को चकाचक करने के लिए अच्छा खासा बजट मिला है और काम भी रात-दिन चल रहा है। ऐसे में कुछ मीटर की सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा कर बीच में छोड़ देना संदेहास्पद है।ह

कालोनी में बनाई जा चुकी है तीन सड़कें

कालोनी में तीन गलियां बनाई जा चुकी हैं, मगर मुख्य सड़क आज तक अधूरी है। ऐसे में उन गलियों को बनाने का भी क्या फायदा जब मुख्य सड़क ही टूटी हुई हो। ऐसा भी नहीं है कि इस कॉलोनी के लिए बजट न पास किया गया हो, अगर बजट पास नहीं होता तो ये तीन गलियां भी कैसे बनती।

फोटो संख्या : 37

कॉलोनी से हो रहा सौतेला व्यवहार : श्रीकांत

कॉलोनी वासी श्रीकांत का आरोप है कि नपा अध्यक्ष न्यू कालोनी, पटेल नगर व शास्त्री नगर में ही विकास करा रही हैं, उनकी कॉलेानी के साथ ही सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जो समझ से परे है। अगर इस वार्ड में विकास कार्य होता तो उसका श्रेय भी नगर परिषद अध्यक्ष को ही मिलेगा और अगर उनके खुद के वार्ड में यह दशा होगी तो लोगों में क्या संदेश जाएगा।

फोटो संख्या : 38

पूरे शहर की जिम्मेदारी नप अध्यक्ष का वार्ड ही बदहाल

अधिवक्ता मुनीष शर्मा का कहना है कि नगर परिषद चेयरमैन उमा सुधा इसी वार्ड से पार्षद हैं। जिन पर पूरे शहर के विकास की जिम्मेदारी है। जब से यह कॉलोनी बनी है तब से आज तक विकास की राह ही देख रही है। कभी कोई विकास कार्य शुरू होता भी तो वह सिरे नहीं चढ़ पाता। कॉलोनी की मुख्य सड़क का हाल इसका ताजातरीन उदाहरण है।

फोटो संख्या : 39

उनकी गली सबसे ज्यादा उपेक्षित

कॉलोनी वासी रीटा का कहना है कि वे पिछले कई सालों से कॉलोनी में रह रहे हैं। वे बिजली, पानी और नगर परिषद का गृह कर भी समय पर अदा करते आए हैं। लेकिन इसके बावजूद उनका वार्ड आज भी बदहाली का शिकार है। सड़कें तो मूलभूत सुविधाओं व सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी में आती है। इसके बावजूद इनका न बनना लापरवाही नहीं तो और क्या है।

फोटो संख्या : 40

सही निर्माण नहीं कर रहा था ठेकेदार : ईओ

नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीएन भारती का कहना है कि इस गली का टेंडर हो गया था और ठेकेदार भी सड़क निर्माण के लिए लगा दिया गया था। जब नप अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे तो पाया कि जैसी निर्माण सामग्री लगाने की शर्तें तय हुई थी वैसी प्रयोग में नहीं ली जा रही। उक्त ठेकेदार की पहले भी शिकायतें सुनने को मिली थी। ऐसे में कार्य पूरा कॉलोनी वासियों के साथ धोखा होता। इसलिए उसे इस कार्य से हटा दिया गया है। जल्द ही नए ठेकेदार से कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी