कुमार विश्‍वास का विवादित बयान, गाय की आड़ में घूम रहे 'सांड'

आप के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता कुमार विश्‍वास ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उनके निशाने पर भाजपा के साथ गोसेवकों पर भी रहे। उन्‍होंने कहा, आज गाय की आड़ में सांड घूम रहे हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Sun, 14 Aug 2016 09:06 PM (IST) Updated:Mon, 15 Aug 2016 04:24 PM (IST)
कुमार विश्‍वास का विवादित बयान, गाय की आड़ में घूम रहे 'सांड'
कुमार विश्‍वास का विवादित बयान, गाय की आड़ में घूम रहे 'सांड'

जेएनएन, कुरुक्षेत्र । आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार विश्वास ने रविवार को चुटीली कविताओं से भाजपा सरकार की नीतियों पर करारा प्रहार किया। कार्यकर्ताओं को उन्होंने राजनीति नहीं करने बल्कि राजनीति में बदलाव लाने का संदेश दिया। गोरक्षा के नाम पर हो रही राजनीति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने फर्जी गोरक्षकों को कविता के जरिये 'सांड' की संज्ञा दी। उन्‍होंने कहा, आज गाय की आड़ में सांड घूम रहे हैं।

यहां वह जाट धर्मशाला में आयोजित तीन दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट एवं दिशा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करें। पंजाब में आप सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रदेश में कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाएगी।

सम्‍मेलन में 'आप' के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद एवं लोकसभा प्रभारी विशाल खुब्बड़ ने पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने पार्टी संगठन को प्रदेश में मजबूत करने पर नवीन जयहिंद की प्रशंसा की।

उन्होंने गुलाम कश्‍मीर में तिरंगा फराहने के एक मंत्री के बयान पर उन्‍होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव से पहले कश्मीर से आतंकवाद खत्म करने का एलान करते थे, लेकिन देश में आतंकवादी हमले बढ़ते ही जा रहे हैं और वह पाकिस्तान से दोस्ती निभाने पर उतारू हैं।

उन्होंने कहा कि यदि तिरंगा फहराना है तो कश्मीर में फहराएं ताकि कश्मीरियों का एहसास हो कि वे भारत देश का हिस्सा हैं। मुसलमानों को वंदे मातरम बोलने की सलाह देने वाली भाजपा को नसीहत दी कि नमाज अता करते वक्त जब मुसलमान धरती पर शीश नवाता है तो वह वंदे मातरम की रस्म को अदा कर देता है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी, इसलिए वे कर्जा उतरने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे हैं। प्रदेश में होने वाले आंदोलन का आधा खर्चा दिल्ली सरकार द्वारा उठाने का भी एेलान किया। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को जीतने के बाद ही दिल्ली पर असली फतह हासिल होगी, इसलिए कार्यकर्ता कुरुक्षेत्र यानि हरियाणा को जीतने के लिए मेहनत करें।

इस अवसर पर दिल्ली के जल एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, दिल्ली विधायक एवं प्रदेश प्रभारी नरेश बाल्यान, दिल्ली के विधायक राजेश ऋषि, अजेश यादव व राजेश गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद थे।

गायों के साथ धरना देंगे आप कार्यकर्ता

सम्‍मेलन में ऐलान किया गया कि प्रदेश में सड़कों पर घूम रही गायों की दुर्दशा को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता 20 अगस्त से गाय के साथ धरने पर बैठेंगे। 26 अगस्त को चुनावी वादे पूरे कराने के लिए विधानसभा का घेराव किया जाएगा और गायों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर ले जाया जाएगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन में कई प्रस्‍ताव पारित किए गए। सम्‍मेलन में फैसला किया गया कि प्रदेश में 21 हजार बूथवीर, 300 इंकलाबी कार्यकर्ता व 1857 क्रांतिकारी कार्यकर्ताओं की फौज तैयार की जाएगी। आने वाले समय में पार्टी का विस्तार कर किसान, युवा, महिला, छात्र, वकील, पूर्व सैनिक, सोशल मीडिया, व्यापारी, आरटीआइ, कर्मचारी, दलित तथा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा।

समापन समारोह में पहुंचे दिल्ली के जल एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि आप के बढ़ते जनाधार से देश के सभी राजनीतिक दलों में भगदड़ मची हुई है। दिल्ली के बाद पंजाब में भी आप सरकार बनाएगी। दिल्ली के खाद्य आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलितों पर लगातार अत्याचार बढ़ रहे हैं। सरकार अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह से असफल साबित हुई है।

नवीन जयहिंद ने कहा कि सम्‍मेलन के दौरान प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों के बारे में समझाया गया। उन्‍होंने प्रदेश के सभी राजनैतिक दलों को चुनौती देते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी जहां प्रदेश में विपक्ष की भूमिका निभाएगी वहीं भाजपा को सत्ता से बाहर करने में भी अपनी भूमिका निभाएगी।

chat bot
आपका साथी