जन्मदिन की पार्टी में उप-प्रधान व नपा सचिव के बीच तू-तू, मैं-मैं

लाडवा से भाजपा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी के जन्मदिन की पार्टी में नगरपालिका के उप प्रधान और सचिव के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। बात यहीं तक नहीं थी। दोनों के बीच गाली-गलौच तक हो गई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 09:42 AM (IST) Updated:Fri, 21 Feb 2020 09:42 AM (IST)
जन्मदिन की पार्टी में उप-प्रधान व नपा सचिव के बीच तू-तू, मैं-मैं
जन्मदिन की पार्टी में उप-प्रधान व नपा सचिव के बीच तू-तू, मैं-मैं

संवाद सहयोगी, लाडवा : लाडवा से भाजपा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी के जन्मदिन की पार्टी में नगरपालिका के उप प्रधान और सचिव के बीच तू-तू, मैं-मैं हो गई। बात यहीं तक नहीं थी। दोनों के बीच गाली-गलौच तक हो गई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। नपा उप-प्रधान अनिल माटा ने लाडवा पुलिस को लिखित शिकायत देकर नपा सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में हवन किया गया था। हवन में पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी व नपा उपप्रधान अनिल माटा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने आहुति दी थी। इसी दौरान वहां पर नपा सचिव हरिओम कंबोज भी पहुंच गए। आरोप है कि वे लगभग दो घंटे तक वहीं रहे। नपा उपप्रधान अनिल माटा ने उनको कार्यालय छोड़कर पार्टी में बैठे रहने पर टोक दिया। उन्होंने नपा सचिव से कार्यालय में बैठकर शहरवासियों के काम निपटाने की कही। उन्होंने आरोप लगाया कि नपा सचिव कार्यालय में न के बराबर ही बैठते हैं, जिससे शहर वासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस बात को लेकर दोनों के बीच तकरार शुरू हो गई। मामला गाली-गलौच तक पहुंच गया, लेकिन इससे पहले की दोनों के बीच मारपीट की स्थिति पहुंचती तो मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामले को निपटा दिया।

उप प्रधान ने पूर्व विधायक को भी घेरा

नपा उपप्रधान ने पूर्व विधायक से भी नपा सचिव की शिकायत की तथा उसने उनको शह देने तक के आरोप लगा दिए। नपा उपप्रधान ने इस मामले में लाडवा पुलिस को शिकायत दी है। जब इस बारे में नपा सचिव हरिओम कंबोज से फोन पर संपर्क करना चाहा तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

नपा सचिव का किसी के प्रति नहीं है व्यवहार ठीक : माटा

नपा उपप्रधान अनिल माटा ने बताया कि उसने नपा सचिव के खिलाफ लाडवा पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने नपा सचिव पर शहर वासियों के काम न करने तथा कार्यालय में न बैठने के आरोप भी लगाए। नपा सचिव का किसी के प्रति भी व्यवहार ठीक नहीं है, जिसका खामियाजा उनको भुगतना पड़ता है।

बाक्स

क्या कहते है जांच अधिकारी

जांच अधिकारी मूल चंद से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि नपा उपप्रधान अनिल माटा ने नपा सचिव हरि ओम कंबोज के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत में नपा सचिव पर गाली-गलौच करने आदि के आरोप लगाए है। उन्होंने बताया कि नपा सचिव व नपा उपप्रधान दोनों को थानाध्यक्ष के सामने बुलाया है। जबकि थाना प्रभारी राजपाल ने इस तरह का मामला जानकारी में न होने की बात कही है।

मेरे सामने नहीं हुआ कुछ : पूर्व विधायक

पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी का कहना है कि मेरे सामने ऐसा कुछ नहीं हुआ है। उन्हें भी बाद में जानकारी मिली है कि नपा सचिव व नपा उपप्रधान के बीच किसी बात को लेकर तकरार हुई है।

chat bot
आपका साथी