15 दिन बाद खिली धूप, ठिठुरन से राहत

पिछले करीब 15 दिनों से सूर्य देवता के दर्शन न देने पर दिन में भी ठंड में ठिठुर रहे लोगों को वीरवार को खिली धूप ने काफी राहत दी। कड़ाके की ठंड के बीच वीरवार को करीब 1130 बजे के बाद सूर्य देवता के दर्शन देते हुए लोग घरों से बाहर निकल कर छतों पर पहुंच गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 27 Jan 2022 11:42 PM (IST) Updated:Thu, 27 Jan 2022 11:42 PM (IST)
15 दिन बाद खिली धूप, ठिठुरन से राहत
15 दिन बाद खिली धूप, ठिठुरन से राहत

- अच्छी धूप खिलने से छतों पर निकले लोग, गृहणियों ने भी ली राहत की सांस

- 17.5 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पिछले करीब 15 दिनों से सूर्य देवता के दर्शन न देने पर दिन में भी ठंड में ठिठुर रहे लोगों को वीरवार को खिली धूप ने काफी राहत दी। कड़ाके की ठंड के बीच वीरवार को करीब 11:30 बजे के बाद सूर्य देवता के दर्शन देते हुए लोग घरों से बाहर निकल कर छतों पर पहुंच गए। दिन भर में करीब पांच घंटे अच्छी धूप खिलने पर पार्क में निकले लोगों ने धूप का आनंद लिया। अच्छी धूप खिलने पर गृहणियों ने राहत की सांस ली। इससे अधिकतम तापमान भी 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि हवा में नमी की मात्रा 100 फीसद रही। हवा की गति भी 11 किलोमीटर प्रति घंटा रहने पर सूर्य के ओझल होते ही दोबारा ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों ने 31 जनवरी तक मौसम के खुश्क रहने की संभावना जताई है।

नए साल की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड पड़ने पर लोग ठिठुरन झेल रहे हैं। पिछले 15 दिनों में से एक-दो दिन ही कुछ घंटों के लिए सूर्य देवता के दर्शन हुए हैं। इसके साथ ही रुक-रुक हो रही बारिश से लोगों को दिन में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड झेलनी पड़ रही थी। वीरवार को धूप खिलने पर लोगों को दिन में ठिठुरन से कुछ राहत मिली है। कई दिनों बाद खिली इस धूप में पशु-पक्षियों को भी राहत मिली है।

मौसम 31 तक खुश्क रहने का अनुमान

चौधरी चरण सिंह कृषि विवि हिसार के कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम विशेषज्ञ डा. ममता ने बताया कि 31 जनवरी तक मौसम के खुश्क रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के बाद इसमें दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी का अनुमान है। इसके साथ ही धूप खिलने पर अधिकतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

chat bot
आपका साथी