पिपली से थर्ड गेट तक शुरू होगी शहर की लाइफ लाइन

साल-2021 में शहरवासियों को 21 नई सौगात जो बदलेंगी विकास की दिशा और दशा फोटो-4 ---

By JagranEdited By: Publish:Fri, 01 Jan 2021 06:52 AM (IST) Updated:Fri, 01 Jan 2021 06:52 AM (IST)
पिपली से थर्ड गेट तक शुरू होगी शहर की लाइफ लाइन
पिपली से थर्ड गेट तक शुरू होगी शहर की लाइफ लाइन

साल-2021 में शहरवासियों को 21 नई सौगात, जो बदलेंगी विकास की दिशा और दशा

फोटो-4

---उम्मीदें-2021---

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : उत्साह और उमंग के साथ 2021 आज से शुरू हो गया। नए साल की शुभकामनाएं रात 12 बजे से ही मिलनी शुरू हो गईं। हर कोई इस साल को सफलता के शिखर तक ले जाना चाहता है। धर्मनगरी के लोगों को इस साल कई नई सौगात मिलेंगी। आइये इन सौगातों के बारे में हम आपको बताते हैं।

नंबर-1

लघु सचिवालय का नया भवन

लघु सचिवालय का नया प्रशासनिक भवन जल्द तैयार होगा। इस पर सरकार 1544.76 लाख रुपये खर्च किए हैं। इस भवन में आधुनिक सुविधाओं से लैस कांफ्रेंस रूम और वीडियो कांफ्रेंसिग रूम भी तैयार किया जाएगा। सबसे निचले तल पर ई-दिशा की भी स्थापना की जाएगी और यहां लोगों की सहूलियत का विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां डीसी, एसडीएम, नगराधीश, डीआइओ, डीडीपीओ व डीआरओ के कार्यालय बनाए जाएंगे।

---------

नंबर-2

घर-घर गैस की मिलेगी सौगात

थानेसर के लोगों को नए साल में घर-घर गैस की सौगात मिलेगी। इसके बाद लोगों को गैस सिलेंडर बुक कराने से छुटकारा मिल जाएगा। यह योजना सेक्टर-7 से शुरू होगी। शहर के 3100 लोग अब तक इसकी बुकिग करा चुके हैं। सेक्टर 2, 3, 4 7, 8, 9 व 29 में पाइपलाइन दबाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा सेक्टर-13 और 30 के बाहरी क्षेत्र में पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा कर लिया है।

नंबर-3

सिथेटिक एथलेटिक ट्रैक मिलेगा

सुभाष स्टेडियम में सिथेटिक एथलेटिक ट्रैक खिलाड़ियों को मिलेगा। इस पर 6.5 करोड़ रुपये की लागत आई है। सिथेटिक एथलेटिक ट्रैक के साथ अन्य सुविधाओं के लिए करीब आठ करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था। पीडब्ल्यूडी ने इसका निर्माण कराया है। अब खिलाड़ियों ने सिथेटिक एथलेटिक ट्रैक पर अभ्यास शुरू कर दिया है। हालांकि इसका उद्घाटन अब तक नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री के 25 दिसंबर के दौरे में इसको शामिल किया था।

नंबर-4

पिपली से थर्ड गेट तक सड़क

पिपली चौक से कुवि के थर्ड गेट तक गुलजारी लाल नंदा मार्ग शहर की लाइफ लाइन है। इसका निर्माण लंबे समय से अटका हुआ था। पीडब्ल्यूडी ने मार्च में इसका निर्माण कार्य शुरू कराया था। यह 54 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। इसमें करीब 44 करोड़ सड़क निर्माण और बाकी नाले व अन्य कार्यों के लिए बजट है। थर्ड गेट से पुराना बस स्टैंड तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर लिया गया है। अब मोहननगर रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। सड़क 2021 में मूर्त रूप में मिल जाएगी।

नंबर-5

एस्ट्रोटर्फ व इंडोर खेल स्टेडियम

शहर में एस्ट्रोटर्फ लंबे समय से प्रस्तावित है। इसके लिए सुभाष स्टेडियम के पास भी जगह देखी गई थी, लेकिन यह प्रस्ताव अटक गया था। पिछले दिनों कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एस्ट्रोटर्फ बनाना तय किया है। इसके साथ कुवि में इंडोर खेल स्टेडियम बनाया जाना है। इसके लिए 10 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर की गई है। कुवि के खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खिलाड़ियों को जल्द ही दोनों की सौगात दी जाएगी।

नंबर-7

मोहननगर आरओबी पर लैग बाई

मोहन नगर रेलवे ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन की तरफ लैग बाई का काम भी इसी साल पूरा होगा। करीब छह करोड़ रुपये के लैग बाई का काम अंतिम चरणों में चल रहा है। इसके बाद मोहन नगर से रेलवे स्टेशन या रेलवे रोड की कालोनियों में जाने वाले लोगों को शार्ट कट मिल जाएगा। उनको सेक्टर-17 नहीं जाना पड़ेगा। वे मोहननगर रेलवे पुल से सीधे ही लैग बाई से होकर आगे जा सकेंगे।

नंबर-8

भाजपा का नया कार्यालय

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय का शिलान्यास 27 नवंबर को किया गया। इसमें मुख्यातिथि हरियाणा प्रभारी विनोद तावड़े व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ रहे। सेक्टर-8 में आंबेडकर भवन के साथ नया कार्यालय बनाया जा रहा है। भाजपा का जिला कार्यालय नहीं था। अब नए कार्यालय में कांफ्रेंस हाल सहित अन्य सुविधा होंगी। यह इसी साल मिलेगा।

-----------

नंबर-9

100 बेड का एक और अस्पताल

कुरुक्षेत्र के लोगों को इस साल 39 करोड़ की लागत से बनी एलएनजेपी अस्पताल की नई बिल्डिग की सौगात मिली है। अब अस्पताल की दूसरी बिल्डिंग बनाने की दिशा में भी काम शुरू किया है। नए अस्पताल में अब 100 बेड की व्यवस्था है। दूसरी बिल्डिग बनने के बाद 200 बेड का अस्पताल बन जाएगा। अस्पताल का नया भवन मिलने के बाद डाक्टरों और स्टाफ के साथ मरीजों ने भी राहत की कुछ सांस ली है।

नंबर-10

किसान प्रशिक्षण केंद्र

गुरुकुल कुरुक्षेत्र में किसान प्रशिक्षण केंद्र बना है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2020 में इसका उद्घाटन किया है। किसान प्रशिक्षण केंद्र पर करीब दो करोड़ रुपये कृषि विभाग ने जारी किए थे। यहां प्रदेश के किसानों को जीरो बजट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पिछले दिनों कोरोना के संक्रमण के चलते किसानों को प्रशिक्षण नहीं दिया जा सका है।इस साल प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।

नंबर-11

सरस्वती को नया रूप मिलेगा

धर्मनगरी को सरस्वती हैरीटेज बोर्ड की कमान मिली। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच को बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अध्यक्ष खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल हैं। धुम्मन सिंह किरमच यमुनानगर से कुरुक्षेत्र व इससे आगे तक दौरा किया है। सरस्वती नदी के उदगम स्थल आदीबद्री से लेकर आगे तक धार्मिक दृष्टि से बेहतर बनाया जाएगा। इसके आसपास के तीर्थ स्थलों को भी सुविधाजनक बनाया जाएगा।

नंबर-12

ज्योतिसर में श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप होगा स्थापित

गीता की स्थली ज्योतिसर में श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप स्थापित किया जाएगा। यह विराट स्वरूप कृष्णा सर्किट के अंतर्गत गीता थीम में होगा। नोएडा की एक कंपनी को इसका काम दिया गया है। विराट स्वरूप करीब 10 करोड़ में बनाया जाएगा। इसी कंपनी ने स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनाया है। ज्योतिसर में थीम पार्क बनाने का काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके मूर्त रूप मिलने के बाद यहां पर्यटकों को महाभारत जैसा दृश्य नजर आएगा।

नंबर-13

गीता ज्ञान में लघु गीता संग्रहालय

गीता ज्ञान संस्थानम् में लघु गीता संग्रहालय मिलेगा। इसमें श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप व अन्य यादों को शामिल किया जाएगा। गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज की देखरेख में चल रहे गीता ज्ञान संस्थानम् में यह बड़ी उपलब्धि होगी। इसके साथ गीता संग्रहालय का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। यहां गीत के साथ शोध के कार्य किए जाएंगे।इसी साल कई चीज नई मिलेंगी।

नंबर-14

धर्मनगरी का मॉडर्न लुक में रेलवे स्टेशन

कुरुक्षेत्र के रेलवे स्टेशन को भी माडर्न लुक दी जा रही है। एसएसई वर्कर्स अजय मलिक ने बताया कि नई बिल्डिग फेस वन में बनकर तैयार हो गई है। इसमें टिकट काउंटर और वेटिग हाल बनाया गया है। अब दूसरे फेस में काम शुरू किया जाएगा। यह सब कार्य कृष्णा सर्किट में किए जा रहे हैं। इसकी करीब साढ़े 11 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। यह इसी साल बनकर तैयार हो जाएगा।

नंबर-15

पिपली में बिजली की तारों से मिलेगी निजात

पिपली में बिजली के तारों से निजात मिलेगी। इसके साथ पास लगते गांव में पावर हाउस लगाया जाएगा। इससे पिपली के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन की तार हटेंगी। लोगों की लंबे समय से इसकी मांग चल रही थी। लाडवा के कांग्रेस विधायक मेवा सिंह ने विधानसभा सत्र में यह सवाल लगाया था।

नंबर-16

शाहाबाद शुगर मिल में एथेनॉल प्लांट

शाहाबाद शुगर मिल में इसी साल एथेनॉल प्लांट का निर्माण कार्य शुरू किया गया। यह 99 करोड़ रुपये का प्रपोजल है। इसको डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। यह इस साल बनकर तैयार हो जाएगा। यहां सीरे से एथेनॉल बनाया जाएगा। शुगर मिल के एमडी वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि मिल में पर्याप्त सीरा है। इससे एथेनॉल बनाना आसान है। इसके अगले चरण में डिस्टलरी बनाई जाएगी।

नंबर-17

शाहाबाद-लाडवा चार किमी लंबा फोर लेन

शाहाबाद-लाडवा चार किलोमीटर लंबा फोर लेन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर करीब 14 करोड़ की लागत आएगी। इसके साथ शाहाबाद कुटिया के पास अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। यह दो करोड़ का प्रोजेक्ट है। जिला राजस्व विभाग के लिए 48 घरों का निर्माण कार्य किया जाना है। इस पर 1539 लाख रुपये की राशि खर्च की जानी है।

नंबर-18

बस स्टैंड में न्यू मॉडर्न डिपो वर्कशॉप

बस स्टैंड पर न्यू माडर्न डिपो वर्कशॉप का डेढ़ करोड़ रुपये का प्रपोजल है। कार्यशाला में 8 एकड़ 5 कैनाल भूमि पर सीसी का फर्श बनाया जाएगा। इसको आधुनिक बनाया जाएगा। कार्यशाला के लिए 2.11 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इसमें से 1.50 करोड़ रुपये की राशि नव निर्माण कार्य पर खर्च की जा रही। इसके बाद रोडवेज की 164 बसों के लिए अच्छी व्यवस्था बन जाएगी। कार्यशाला का निर्माण कार्य इसी साल में पूरा कर लिया जाएगा।

नंबर-19

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन जीटी रोड पर निर्माणाधीन है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2012 केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में इसकी आधारशीला रखी थी। इसके बाद पॉलिटेक्निकल कालेज की बिल्डिग में 2016 से संस्थान चल रहा है। 160 करोड़ रुपये की लागत में करीब 20.5 एकड़ जमीन पर बनना है। 500 विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे। इसका निर्माण कार्य इसी साल पूरा हो जाएगा।

नंबर-20

श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कालेज में मल्टीपर्पज हॉल व परीक्षा भवन

श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय फतुपुर में 253 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी का कार्य चल रहा है। इसके साथ श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कालेज में 365 लाख रुपये की लागत से मल्टीपर्पज हॉल व परीक्षा भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। 144 लाख रुपये की लागत से श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कालेज में दवाइयों का स्टोर बनाया जा रहा है।ये काम जल्द ही पूरे होंगे।

नंबर-21

शाहाबाद में कोर्ट कॉम्प्लेक्स

शाहाबाद में कोर्ट कॉम्प्लेक्स 10 करोड़ की लागत से बनकर तैयार है। हाईकोर्ट से परमिशन के बाद इसका उद्घाटन किया जाएगा।इसके मूर्त रूप मिलने के बाद शाहाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों को बड़ी सौगात मिलेगी। वकीलों की यह लंबी मांग थी।

chat bot
आपका साथी