नेताओं के इशारे पर काम करने वाली पुलिस आमजन को भूली

शहर में बढ़ रहे अपराध को लेकर लोगों में रोष है। सीएम सिटी होने के बावजूद चोरी की वारदातों पर पुलिस काम नहीं कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 01 Aug 2019 07:52 AM (IST) Updated:Thu, 01 Aug 2019 07:52 AM (IST)
नेताओं के इशारे पर काम करने वाली पुलिस आमजन को भूली
नेताओं के इशारे पर काम करने वाली पुलिस आमजन को भूली

जागरण संवाददाता, करनाल : शहर में बढ़ रहे अपराध को लेकर लोगों में रोष है। सीएम सिटी होने के बावजूद चोरी की वारदातों पर पुलिस काम नहीं कर रही है। छुट्टी के बावजूद शहर में थानों में शिकायतकर्ताओं का आना लगा रहा। महिला थाना, सिटी और सदर थाने में स्टाफ के सदस्य शिकायतों का निपटारा करते दिखाई दिए। मित्र कक्ष में शिकायत देने के बाद दो महिलाएं सदर थाने में जानकारी जुटा रही थीं। इसके अलावा, महिला थाने में एसएचओ कविता जरूरी शिकायतों का निपटारा कर रहीं थीं। साथ सिविल थाने में एक विवाद को लेकर अधिकारी के साथ दो पक्ष बातचीत करने में लगे हुए थे। चोरी की घटनाएं न सुलझा पाने के लिए सिटी थाने के प्रति लोगों में रोष है।

थाना परिसर में बहसबाजी

सिविल लाइन थाना में सुबह 11.33 बजे एचसी विजय कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। सेक्टर-32/33 में हवालात न होने के कारण सुरक्षा में रखे आरोपितों की बातचीत के लिए परिजन थाने में पहुंचे थे। इसके अलावा, महिला थाने में परिवारों के फैसले को लेकर काउंसिलिग की जा रही थी। दो पक्ष थाना परिसर में दो पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। दूसरी तरफ अलग-अलग दो कमरों में अधिकारी केस के संबंध में काउंसिलिग कर रहे थे।

पुलिस ने अभी तक नहीं की कार्रवाई

फोटो 46

मंगलपुर पार्ट-2 में रहने वाले अभिषेक ने बताया कि 19 जुलाई को घर में चोरी की सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। खानापूर्ति के नाम पर पुलिस कर्मचारी घर से रिपोर्ट बनाकर चला गया, तब से पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। पुलिस की कमजोरी के कारण क्षेत्र में अपराध बढ़ रहा है और रोजाना चोरियां भी हो रही हैं।

बढ़ रही चोरी की वारदातें

फोटो 47

सुनील वर्मा ने बताया कि सीएम सिटी अब अपराध सिटी बनता जा रहा है। न घर सुरक्षित है और न ही घर में लोग। सरेआम फायरिग होना शहर में आम बात है। अपराधी अच्छे से जानते हैं कि शहर की सरकार और पुलिस दोनों आराम फरमा रही है। पिछले एक सप्ताह में ही फायरिग, चोरी, मारपीट की घटनाएं हुई हैं। नेताओं के इशारे पर चलने वाली पुलिस ने आम लोगों को थानों में चक्कर काटने के लिए छोड़ दिया है।

पुलिस का चोरों पर नहीं नियंत्रण

फोटो 48

हरीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र की पुलिस का चोरों पर नियंत्रण नहीं है। दिन में भी घर के बाहर नजर रखनी पड़ रही है। पुलिस को शिकायत के बावजूद बदमाश क्षेत्र में चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की लापरवाही का ही नतीजा है कि रात में मुहल्ले में ठीकरी पहरा लगाया जा रहा है। चोरी कर आरोपित निकल जाते हैं और पुलिस बाद में लकीर पीटती रहती है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी