सिटी व बैंक स्क्वेयर का कार्य हो सकता है बंद, ठेकेदार के सात करोड़ अटके

शहर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट सिटी व बैंक स्क्वेयर का निर्माण कार्य कभी भी बंद हो सकता है। निर्माण कार्य करने वाली गर्ग एंड गर्ग कंपनी के सात करोड़ रुपये अटक गए हैं। अटकी हुई राशि दस करोड़ रुपये तक पहुंचते ही काम बंद कर दिया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 May 2019 10:40 AM (IST) Updated:Fri, 17 May 2019 10:40 AM (IST)
सिटी व बैंक स्क्वेयर का कार्य हो सकता  है बंद, ठेकेदार के सात करोड़ अटके
सिटी व बैंक स्क्वेयर का कार्य हो सकता है बंद, ठेकेदार के सात करोड़ अटके

जागरण संवाददाता, कैथल : शहर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट सिटी व बैंक स्क्वेयर का निर्माण कार्य कभी भी बंद हो सकता है। निर्माण कार्य करने वाली गर्ग एंड गर्ग कंपनी के सात करोड़ रुपये अटक गए हैं। अटकी हुई राशि दस करोड़ रुपये तक पहुंचते ही काम बंद कर दिया जाएगा। काम बंद करते ही कंपनी का मालिक मध्यस्थ कमेटी के पास पहुंचेगा।

एग्रीमेंट में लिखा हुआ है कि नगरपरिषद और कंपनी के बीच अगर कुछ विवाद होता है तो उसका निपटारा करने के लिए एक मध्यस्थ कमेटी बनाई जाएगी। करीब एक महीने से काम की गति ना के बराबर चल रही है। जहां एक महीना पहले 200 से 250 कर्मचारी साइट पर काम करते थे वहां अब मात्र 20 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं।

कंपनी अब नगरपरिषद अधिकारियों की नहीं अपनी मर्जी से काम कर रही है। साइट पर कुल 26 करोड़ रुपये का काम हो चुका है। इसमें से 19 करोड़ रुपये ठेकेदार के पास आ चुके हैं और सात करोड़ रुपये अटके हुए हैं। करीब 39 करोड़ रुपये से इसका निर्माण होना है, लेकिन अगर निर्माण कार्य जारी रहा तो यह राशि बढ़ भी सकती है।

बॉक्स

25 मार्च को सिटी थाने में दर्ज हुआ था केस

शहर के पार्षदों ने सिटी और बैंक स्क्वेयर के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों व सीएम को भी की गई थी। 25 मार्च को सीएम फ्लाइंग के डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा की शिकायत पर निर्माण कार्य करने वाली कंपनी के मालिक, नप चेयरपर्सन सहित 11 नप अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। अब मामले में स्थानीय पुलिस जांच कर रही है। मामला दर्ज होने के बाद से ही काम लगभग ना के बराबर हो रहा है। निर्माण कार्य शुरू होते ही शहर का ड्रीम प्रोजेक्ट विवादों में आ गया था।

बॉक्स: ये होंगी सिटी व बैंक स्क्वेयर में सुविधाएं

सिटी व बैंक स्क्वेयर में सात मंजिला इमारत बनाई जाएगी। इसमें दो मंजिला डबल पार्किंग बेस्मेंट में बनाई जाएगी। ऊपर बैंकों के लिए पांच मंजिलें बनाई जाएंगी। सभी बैंक एक स्थान पर होंगे और उनके एटीएम भी बनेंगे। बैंक स्क्वेयर के पास एक पार्क बनाया जाएगा। एक बड़ा अशोक चक्र का चिह्न बनाया जाएगा। खाने-पीने की चीजों के लिए छोटे बूथ तैयार किए जाएंगे। अभी अंबाला रोड, पार्क रोड, कुरूक्षेत्र रोड, पिहोवा चौक, करनाल रोड, जींद रोड पर शहर के मुख्य बैंक बने हुए हैं। एक स्थान पर सभी बैंक हो जाएंगे तो शहर की मुख्य सड़कें भी खुली हो जाएंगी और जाम से मुक्ति मिलेगी।

बॉक्स: 26 करोड़ का काम पूरा किया

गर्ग एंड कंपनी के मालिक शशांक गर्ग ने बताया कि उन्होंने करीब 26 करोड़ रुपये का काम पूरा कर दिया है। 19 करोड़ रुपये उनके पास आ चुके हैं और सात करोड़ रुपये अटके हुए हैं। अगर अटकी हुई राशि दस करोड़ तक पहुंच गई तो काम बंद करके मध्यस्थ कमेटी को मामले की जानकारी दी जाएगी।

बॉक्स: बिल की जानकारी नहीं

नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सभी अधिकारी कुछ दिनों से चुनावों में व्यस्त थे। ठेकेदार के कितने के बिल अटके हुए हैं, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अधिकारियों से जानकारी हासिल कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ----------

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी