दोहरा हत्याकांड : हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े व्यापारी, विरोध में मंडी रखी बंद

शुक्रवार दिनदहाड़े माडल टाउन निवासी आढ़ती सत्यवान व उनकी पत्नी कैलाशो देवी की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में व्यापारी वर्ग में भारी रोष है। हत्याकांड को लेकर व्यापारियों ने शनिवार को पूरे दिन मंडी बंद रखी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 06:16 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 06:16 AM (IST)
दोहरा हत्याकांड : हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े व्यापारी, विरोध में मंडी रखी बंद
दोहरा हत्याकांड : हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े व्यापारी, विरोध में मंडी रखी बंद

जागरण संवाददाता, कैथल : शुक्रवार दिनदहाड़े माडल टाउन निवासी आढ़ती सत्यवान व उनकी पत्नी कैलाशो देवी की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में व्यापारी वर्ग में भारी रोष है। हत्याकांड को लेकर व्यापारियों ने शनिवार को पूरे दिन मंडी बंद रखी। सुबह जिला नागरिक अस्पताल में एकत्रित हुए। व्यापारियों ने शवों को उठाने से इंकार कर दिया। कहा कि पहले आरोपितों की गिरफ्तारी हो, इसके बाद ही वह संस्कार करेंगे। बेटे पुनीत गोयल ने कहा कि हत्यारों ने उसकी दुनिया को उजाड़ दिया। हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही वह माता-पिता को मुखाग्नि देगा। व्यापारियों के इस फैसले को लेकर सिटी थाना एसएचओ सुरेंद्र कुमार, डीएसपी विवेक चौधरी अस्पताल पहुंचे और स्वजनों व व्यापारियों को समझाया, लेकिन व्यापारी वर्ग हत्यारों की गिरफ्तारी पर अड़ा रहा। इसी बीच विधायक लीला राम भी अस्पताल पहुंचे और व्यापारियों को आश्वासन दिया कि हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई कर रही है। कुछ अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। एसपी लोकेंद्र सिंह भी सिविल अस्पताल पहुंचे। विधायक व एसपी ने करीब 20 मिनट तक बेटे, रिश्तेदारों व व्यापारियों से पुलिस चौकी में बातचीत की। इस मामले में पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। विधायक व एसपी के आश्वासन के बाद दोनों के शवों को अस्पताल से ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।

घटना को लेकर व्यापारियों में रोष

जिला अनाज मंडी प्रधान अश्विनी शोरेवाला, नई अनाज मंडी एसोसिएशन प्रधान श्याम लाल गर्ग, पुरानी अनाज मंडी प्रधान श्याम बहादुर खुरानिया, वीरभान जैन, धर्मपाल कठवाड़, मुकेश जैन, सुरेश नौच गर्ग ने कहा कि दिनदहाड़े हत्या की वारदात को अंजाम देन वाले हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। व्यापारियों ने कहा कि इस घटना के बाद लोग असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। पुलिस चौकी के नजदीक होने के बावजूद हत्यारे घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे गए।

मृतक के बेटे की शिकायत पर तीन के खिलाफ केस दर्ज

आढ़ती मृतक सत्यवान के बेटे पुनीत की शिकायत पर दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शिकायत में बताया कि वह गुरूग्राम में साफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी करता है। अगस्त 2018 से वह अपनी पत्नी सहित सेक्टर 53 नोयडा में रहता है। परिवार में तीन भाई बहन हैं। पिता सत्यवान व मां कैलाश रानी हाउसिग बोर्ड माडल टाउन कैथल में रहते थे। पिता अनाज मंडी में आढ़त का काम करते थे। आरोप है कि उसके मामा राम नगर निवासी कुलदीप पर एक युवती ने महिला पुलिस थाना में केस दर्ज करवाया था। एक माह पहले उसके मामा कुलदीप को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जो अब जेल में है। इस मामले में उसके माता-पिता कानूनी पैरवी कर रहे थे। इस कारण उक्त युवती के ताऊ के बेटे अमरगढ़ गामड़ी निवासी संदीप व सोनू रंजिश रखते थे। दोनों ने केस से हटने की धमकी भी दी थी। उसके पिता की आढ़त की दुकान पर डोहर निवासी राजेश कई साल पहले ग्राहक था। राजेश ने हमारे 10-12 लाख रुपये भी देने हैं, वर्ष 2015 के बाद वह दुकान पर आना छोड़ गया था। पैसे मांगने पर वह गुमराह कर रहा था। अब करीब 10-15 दिन से राजेश ने पिता के पास घर पर व दुकान पर आना शुरु कर दिया था और पैसे देने की बात कहने लगा। शुक्रवार को दोपहर के समय वह घर पर आया। उसकी मां मोबाइल फोन पर उसकी बहन सपना से बात कर रही थी। उसकी मां ने घर पर राजेश के आने की बात कही थी। एक दम से उसकी माता व पिता के चिल्लाने की आवाज आई। इसके बाद फोन कट गया। दोबारा मिलाया तो किसी ने नहीं उठाया। रिश्तेदारों के यहां फोन किया तो दोनों ही हत्या के बारे में बताया। इसके बाद वह घर पहुंचा। बेटे ने आरोप लगाया है कि उन्हें शक है कि सोनू, संदीप ने रंजिशन व राजेश ने पैसे के लेनदेन को लेकर उसके माता-पिता की हत्या की है।

पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया

दोहरे हत्याकांड में सिटी थाना पुलिस सहित सीआइए की दोनों टीमें काम कर रही है। तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। गांव डोहर निवासी राजेश पर हत्या का शक मृतक के बेटे ने जाहिर किया है। पुलिस ने उक्त युवक को पकड़ने के लिए गांव में रेड की, लेकिन पुलिस को चकमा देकर वह भागने में सफल रहा। उक्त युवक की मोटरसाइकिल पर खून लगा हुआ मिला, जो मोटरसाइकिल को धो रहा था। कपड़ों पर भी खून के निशान थे। उक्त युवक के किसी स्वजन को पुलिस ने हिरासत में लिया हुआ है। आढ़ती व उनकी पत्नी के शवों का पोस्टमार्टम डाक्टरों के बोर्ड से हुआ। डाक्टर सचिन, डा. रजत पंकज व डा. नवराज ने पोस्टमार्टम किया। डा. सचिन ने बताया कि दोनों के शरीर पर छह-सात जगहों पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था।

chat bot
आपका साथी