राज्यस्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में चंडीगढ़ ने टयोंठा को हराया

पुंडरीक फुटबाल क्लब के तत्वावधान में प्रथम ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन कई रोमांचक मैच खेले गए।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Feb 2020 09:20 AM (IST) Updated:Sun, 09 Feb 2020 09:20 AM (IST)
राज्यस्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में चंडीगढ़ ने टयोंठा को हराया
राज्यस्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में चंडीगढ़ ने टयोंठा को हराया

संवाद सहयोगी, पूंडरी : पुंडरीक फुटबाल क्लब के तत्वावधान में प्रथम ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन कई रोमांचक मैच खेले गए। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ पर्यटन निगम के चेयरमैन और विधायक रणधीर गोलन ने किया, जबकिअध्यक्षता क्लब के प्रधान रोबिन गोलन ने की। गोलन ने युवाओं से अधिक से अधिक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को अपने पूर्ण विकास के लिए पढ़ाई के साथ ही खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि उनका मन भी स्वस्थ रहता है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। उन्होंने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। मन के अंदर किसी तरह का द्वेषभाव नहीं रखना चाहिए। प्रतियोगिता में परिणामों की जानकारी देते हुए क्लब के सदस्य राजेंद्र ठेकेदार बाकल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर से कुल 52 टीमें भाग ले रही हैं। बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर चेयरमैन एवं विधायक रणधीर गोलन के पुत्र अमित गोलन विजेताओं को सम्मानित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 41 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा उपविजेता को 31 हजार का तृतीय नंबर रही टीम को 11 हजार का व चौथे नंबर रही टीम को 5100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने में भवित पटपटिया, मोहित ठेकेदार, नीरज गोयल, अमन, सुखविद्र सैनी, साहिल, बलवान कौल, जसमिद्र पोली कौल, रमेश कौल, कृष्ण कौल, ईसम सिंह कौल आदि का सराहनीय योगदान रहा। मौके पर मनदीप राज गोलन, नगरपालिका से जोगिद्र पाल, कंप्यूटर आपरेटर दिलावर सिंह आदि मौजूद रहे।

ये रहे परिणाम

शनिवार को खेले गए मैचों में रानियर की टीम ने फतेहपुर बी को 2-0 से हराया, बाहरी ने मोहना बी 1-0 से, टयोंठा गोल्डन ने डुलयाणी को 1-0 से, मुन्नारेहड़ी ने राजोंद को 5-4 से, चंडीगढ़ ने टयोंठा को 2-0 से, नरूखेड़ी ने फतेहपुर को 5-4 से और जींद ने बाहरी को 2-0 से हराया।

chat bot
आपका साथी