होली के बहाने सीएम ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मनोहर मंत्र

कैथल में भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया।

By Edited By: Publish:Thu, 21 Mar 2019 10:07 AM (IST) Updated:Thu, 21 Mar 2019 01:23 PM (IST)
होली के बहाने सीएम ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मनोहर मंत्र
होली के बहाने सीएम ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मनोहर मंत्र

कैथल, [सुरेंद्र सैनी]। शहर के कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित अमृत फार्म में आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत का मनोहर मंत्र दिया। उन्‍होंने प्रदेश और केंद्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए इन्‍हें कार्यकर्ताओं को जनता के बीच में जाने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में अब तक 64 हजार नौकरियां बिना किसी पर्ची व खर्ची के दी। पहले नौकरी के लिए बेटा अपने बाप को जमीन व बेटी मां को गहने बेचने की बात कहती थी, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके।

उन्‍होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में यह होता था, लेकिन उन्होंने इस व्यवस्था को बदलने का काम किया। इसी प्रकार शिक्षकों की बदली जो एक बहुत बड़ी समस्या थी। एक शिक्षक अपनी ट्रांसफर के लिए नेताओं के पीछे चक्कर काटता था, हमने इस व्यवस्था को बदला। शुरूआत में हमारे विधायक भी उनके पास टीचरों की बदली को लेकर पर्ची लेकर आए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इससे विधायक नाराज भी हुए, लेकिन जब व्यवस्था बदली तो सभी ने इसे बेहतर बताया। आज 90 प्रतिशत शिक्षक अपनी मनपसंद के स्कूल में नौकरी कर रहे हैं।

सीएम बोले, हमे दिल्ली की दूरी तय करनी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भीड़ में खड़े युवाओं को बैठने की अपील की, इसके बाद युवा बैठ गए। सीएम ने कहा, मैंने 40 साल यही काम किया है और युवाओं को अनुशासन में बैठाया है। मनोहरलाल ने इसके बाद भारत माता की जय का नारा लगवाया, जब जनता के बीच से आवाज कम आई तो बोले भीड़ में ज्यादातर युवा हैं, लेकिन फिर भी आवाज धीमी है, ऐसे कैसे काम चलेगा हमें तो दिल्ली की दूरी तय करनी है। दूसरे नारे में तेज आवाज आई तो बोले अब दिल्ली दूर नहीं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने भाषण की शुरूआत में होली पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके बाद उनका पूरा भाषण लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रित रहा। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह से हम होली का उत्सव मना रहा हैं, उसी प्रकार पांच साल में लोकतांत्रिक उत्सव भी मनाया जाता है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इसमें 85 से 90 करोड़ मतदाता भाग लेते हैं। जबकि दूसरे देशों में ऐसा नहीं है।

उन्होंने अपने चीन दौरे का भी जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने वहां जाकर हरियाणा में उस समय हुए पंचायती चुनाव का जिक्र किया तो वहां के लोग अचरज में पड़ गए। मैंने वहां के लोगों को बताया कि पौने दो करोड़ लोगों ने मतदान करते हुए 70 हजार सरपंच पंच, पंचायत सदस्य, जिला परिषद सदस्यों को चुना है। इसमें 40 हजार के करीब तो सर्वसम्मति से चुने गए हैं। यहां तक की चुनाव में बराबरी पर रहने वालों का चुनाव टास से हुआ, जो जीता जनता ने उसे ही अपना नेता मान लिया। इस पर उस चीनी व्यक्ति ने हैरानी जताई, कहा कि हमारे यहां तो ऐसा चुनाव हो जाए तो मारकाट हो जाती है।

मनोहरलाल बोले- इस साल में दो उत्सव, एक 12 मई को है तो दूसरा अक्टूबर माह में

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली के साथ-साथ इस वर्ष दो उत्सव मनाए जाएंगे। एक 12 मई को है तो दूसरा अक्टूबर महीने में होगा। इससे पहले हम जनता के बीच जाएंगे और यह बताएंगे की पांच साल में हमने क्या किया है और अगले पांच सालों के लिए हमारा क्या विजन होगा। इसी प्रकार इस लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद हमें केंद्र में मजबूत सरकार बनानी है।

उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जहां आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान पेंशन योजना की शुरूआत की, वहीं हमने नौकरियों में पारदर्शिता, सरकार ईमानदार हो, भ्रष्टाचार खत्म हो की नीतियां जनता के हित में हो ऐसी पारदर्शिता बरतते हुए काम किया। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि बूथ कमेटी व वोटर लिस्ट के पन्ना प्रमुख जो बनाए गए हैं वे हर घर तक पहुंचें। बॉक्स में भी लोगों से मिलते हुए समस्याएं व सुझाव लें, जो समस्याएं हैं उन्हें आचार संहिता खत्म होने पर दूर करने काम किया जाएगा। सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच जाते हुए उपलब्धियां गिनवाएं। इस दौरान यह भी बताएं कि हमने क्या किया और देश व हरियाणा के गठन के बाद कांग्रेस ने क्या किया।

chat bot
आपका साथी