एकलव्य स्टेडियम में मनेगा गणतंत्र दिवस समारोह, उप मुख्यमंत्री फहराएंगे ध्वज

गणतंत्र दिवस समारोह बुधवार को सेक्टर नौ स्थित एकलव्य स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्यातिथि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सुबह 9.58 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 08:55 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 08:55 PM (IST)
एकलव्य स्टेडियम में मनेगा गणतंत्र दिवस समारोह, उप मुख्यमंत्री फहराएंगे ध्वज
एकलव्य स्टेडियम में मनेगा गणतंत्र दिवस समारोह, उप मुख्यमंत्री फहराएंगे ध्वज

जागरण संवाददाता, जींद : गणतंत्र दिवस समारोह बुधवार को सेक्टर नौ स्थित एकलव्य स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्यातिथि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सुबह 9.58 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद जिलावासियों के नाम संदेश देंगे। तैयारियों को लेकर मंगलवार को डीसी नरेश नरवाल, एसपी नरेंद्र बिजारनिया, एडीसी साहिल गुप्ता ने समारोह स्थल का दौरा किया। देर शाम तक डीसी और एसपी समारोह स्थल पर मौजूद रहे और अधिकारियों को तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीसी नरेश नरवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम में कोविड-19 प्रोटोकाल की अनुपालना का पूरा ध्यान रखा जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले हर व्यक्ति, अधिकारी और कर्मचारी अपने मुंह पर मास्क तथा शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखें। अपने हाथों में सैनिटाइजर का प्रयोग अवश्य करें। जिला स्तरीय समारोह का टीवी पर लाइव प्रसारण होगा, जिसे लोग घर बैठे देख सकेंगे। डीसी ने समारोह स्थल पर पेयजल, शौचालय व अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश अधिकारियों को दिए।

एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समारोह में हरियाणा पुलिस के जवानों की महिला व पुरुषों की दो टुकड़ी परेड में भाग लेंगी। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने स्वयं भी सभी परेड की टुकड़ियों को और बेहतर बनाने को लेकर निरीक्षण किया है तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। एसपी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को लोक निर्माण विश्राम गृह से लेकर स्टेडियम तक यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाने के आदेश दिए। एसपी ने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमारे लिए गर्व व गौरव भरा है। इस दिन को हमें त्योहार के रूप में मनाना चाहिए।

पुलिस ने होटल व रेस्टोरेंट में की छापेमारी

पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से मंगलवार को शहर में कई होटल और रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। होटल में ठहरे लोगों से पूछताछ की और उनके कागजात जांचे। होटल का रिकार्ड भी चेक किया गया कि यहां कौन-कौन ठहरा हुआ है। होटल संचालकों को आदेश दिए गए कि उनके यहां आने वाले सभी लोगों के आइडी प्रूफ लें। अगर कोई संदिग्ध दिखता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। शहर में सभी चौक-चौराहों पर भी पुलिस तैनात रही। वाहनों को रुकवा कर जांच की गई।

झाकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. किरण सिंह ने गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए मंगलवार को कार्यालय में संबंधित विभागों द्वारा निकाली जाने वाली झाकियों के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में वीटा मिल्क प्लांट, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निर्देश दिये कि विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की जा रही सरकार की जन हितेषी कल्याणकारी योजनाओं व आजादी के अमृत महोत्सव थीम पर आधारित तथा हरियाणा की प्रगति को दर्शाती हुई झांकियां निकाली जाएंगी। झांकियों में किसी भी प्रकार की कमी ना रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि समारोह में विभागों की झाकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय की तरफ से व्यवसायिक शिक्षा को लेकर झांकी निकाली जाएगी।

chat bot
आपका साथी