कृषि कानून लागू होने से अर्थव्यवस्था हो जाएगी चौपट : सैलजा

कृषि के काले कानूनों के विरोध में बद्दोवाल टोल प्लाजा पर किसानों द्वारा दिया जा रहा धरना 27वें दिन में प्रवेश कर गया। किसानों का जोश पूरे उफान पर है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 07:30 AM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 07:30 AM (IST)
कृषि कानून लागू होने से अर्थव्यवस्था हो जाएगी चौपट : सैलजा
कृषि कानून लागू होने से अर्थव्यवस्था हो जाएगी चौपट : सैलजा

संवाद सूत्र, नरवाना : कृषि के काले कानूनों के विरोध में बद्दोवाल टोल प्लाजा पर किसानों द्वारा दिया जा रहा धरना 27वें दिन में प्रवेश कर गया। किसानों का जोश पूरे उफान पर है। उनका कहना है कि वो तीन कृषि कानून को रद्द करवाए बिना घर नहीं लौटेंगे। किसान आंदोलन का समर्थन देने के लिए बुधवार को बद्दोवाल टोल प्लाजा पर धरने पर पहुंची कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का किसान-मजदूर कमजोर होगा, तो देश आगे नहीं बढ़ेगा।

सैलजा ने कहा कि भाजपा का हर निर्णय देश के हर वर्ग के लिए घाटे का सौदा साबित हुआ है, लेकिन भाजपा सरकार ने पार्टी हित के लिए देश को गर्त में धकेलने का काम किया है। सैलजा ने कहा कि भाजपा सोच रही है कि देश का किसान सड़क पर आनंद ले रहा है, लेकिन उसे किसानों की दुर्दशा दिखाई नहीं दे रही। अब किसान आंदोलन जन आंदोलन बन गया है और देश-प्रदेश का हर वर्ग किसानों के लिए जी-जान से जुट गया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने लोगों को बांटने की कोशिश की, लेकिन देश का अन्नदाता भाजपा की फूट डालो, राज करो की नीति को पूरी तरह से समझ चुका है। शैलजा ने कहा कि कृषि के ये काले कानून लागू होने से देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह नष्ट हो जाएगी और लोगों को खाने के लाले पड़ जाएंगे। गरीब लोगों में बड़ी-बड़ी कंपनियों से लड़ने की ताकत नहीं है। इन कानूनों को लागू होने से गरीब को राशन नहीं मिलेगा। सैलजा ने कहा कि भाजपा धरती माता को भूल रही है और जो मां को भूल जाता है, वो दुनिया से चला जाता है। भाजपा के दिन लदने वाले हैं। इस अवसर पर राजेश अंबरसर, सतबीर दबलैन, सुनील बद्दोवाल, अनिता ढुल बडसीकरी, साहिल उझाना, रामकरण, पवन, प्रदीप, मन्नू नैन, जयभगवान, सतबीर गुलाडी, सत्यवान नैन, कुलदीप दनौदा, शीशपाल गुलाडी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।

शहर में ट्रैैक्टर रैली निकालकर किसानों ने भरी हुंकार

नरवाना के चौपड़ा पत्ती वासियों ने माला राम चौपड़ा की अगुवाई में शहर में 31 ट्रैक्टरों के साथ रैली निकाली। वहीं बिधराना गांव के किसानों भी शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली, तो युवाओं ने साइकिल रैली निकालकर किसानों का समर्थन किया। शहर में रैली निकालने के बाद बद्दोवाल टोल प्लाजा पर किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे। माला राम चौपड़ा ने कहा कि किसान अब पीछे हटने वाला नहीं है, दिल्ली में 26 जनवरी को दिखा देंगे कि किसान अब जाग चुका है और तीनों कृषि कानूनों को रद्द करवाकर ही दम लेगा।

केंद्र सरकार का किसानों ने फूंका पुतला

बद्दोवाल टोल प्लाजा पर चल रहे धरनास्थल पर गांव ढाकल के किसानों ने तीनों कृषि कानूनों का जमकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि ये तीन कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है, बल्कि उसके लिए गले की फांस बनेगा। जिसके बाद किसान घुट-घुटकर मरने पर मजबूर होगा। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार ने 60 से ऊपर किसानों की शहादत हो चुकी है, लेकिन प्रधानमंत्री व कृषि मंत्री ने अभी तक अफसोस नहीं जताया है। जिस कारण उनका सरकार के प्रति रोष है। इसलिए केंद्र सरकार का पुतला फूंककर अपनी भड़ास निकालना चाहते हैं।

chat bot
आपका साथी