चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में 53 पदों पर होगी भर्ती, 9 से 30 जून तक कर सकते हैं आवेदन; जानें अहम बातें

CRSU में टीचिंग के 100 से ज्यादा पद हैं जिनमें से 20 पदों पर ही स्थाई स्टाफ है। पूर्व वीसी मेजर जनरल डॉ. रणजीत सिंह और प्रो. आरबी सोलंकी के समय भी भर्ती प्रकिया शुरू हुई थी लेकिन कुछ पदों पर नियुक्ति के बाद विवादों के कारण रोक लगती रही।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Wed, 31 May 2023 07:30 PM (IST) Updated:Wed, 31 May 2023 07:30 PM (IST)
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में 53 पदों पर होगी भर्ती, 9 से 30 जून तक कर सकते हैं आवेदन; जानें अहम बातें
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में 53 पदों पर होगी भर्ती

जींद, जागरण संवाददाता। चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर के कुल 53 पदों पर भर्ती के लिए वेबसाइट पर विज्ञापन निकाल दिया है। 9 से 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। लंबे इंतजार के बाद भर्तियां निकाली गई हैं। अलग-अलग विभागों में 29 पदों पर सहायक प्रोफेसर, 17 पदों पर एसोसिएट प्रोफेसर और सात पदों पर प्रोफेसर की भर्ती की जाएगी।

प्रदेश सरकार से टीचिंग स्टाफ के 61 पदों पर स्थाई भर्ती की अनुमति मिली थी, लेकिन इनमें कुछ ऐसे पदों पर भर्ती की स्वीकृति मिली है, जो विश्वविद्यालय में शुरू नहीं हुए हैं। ऐसे में इन पदों पर भर्ती नहीं हो पाएगी। वहीं, दो पदों पर भर्ती का मामला कोर्ट में चल रहा है।

विश्वविद्यालय में टीचिंग के 100 से ज्यादा पद हैं

बता दें कि चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय साल 2014 में अस्तित्व में आया था। विश्वविद्यालय में टीचिंग के 100 से ज्यादा पद हैं, जिनमें से 20 पदों पर ही स्थाई स्टाफ है। पूर्व में वीसी रहे मेजर जनरल डॉ. रणजीत सिंह और प्रो. आरबी सोलंकी के समय भी भर्ती प्रकिया शुरू हुई थी, लेकिन कुछ पदों पर नियुक्ति के बाद विवादों के कारण रोक लगती रही।

2021 में भर्ती पर लगी थी रोक

प्रो. आरबी सोलंकी के समय गड़बड़ी के आरोप लगने के कारण जनवरी 2021 में भर्तियों पर रोक लगी थी। उनके कार्यकाल में जो भर्तियां हुईं थी, उनकी सरकार द्वारा विजिलेंस जांच करवाई गई थी। जांच में भर्तियों में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। कुछ माह पहले सरकार ने विश्वविद्यालय में 61 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी थी।

इन पदों पर निकली है भर्ती

सहायक प्रोफेसर : केमिस्ट्री विभाग में चार, कामर्स में चार, कंप्यूटर साइंस एप्लीकेशन में दो, इकोनामिक्स में दो, एजुकेशन में चार, इंग्लिश में दो, हिस्ट्री में दो, प्रबंधन (एमबीए) में दो, मैथेमेटिक्स (एमएससी) में तीन, फिजिकल एजुकेशन में एक, साइकोलोजी में तीन पदों पर भर्ती होगी। एसोसिएट प्रोफेसर : केमिस्ट्री विभाग में दो, कामर्स में दो, कंप्यूटर साइंस एप्लीकेशन में दो, इकोनामिक्स में 1, एजुकेशन में दो, इंग्लिश में एक, हिस्ट्री में एक, प्रबंधन (एमबीए) में दो, मैथेमेटिक्स (एमएससी) में एक, फिजिकल एजुकेशन में एक, फिजिक्स में एक, साइकोलोजी में एक पद पर भर्ती होगी। प्रोफेसर : केमिस्ट्री विभाग में एक, कामर्स में एक, कंप्यूटर साइंस एप्लीकेशन में एक, इकोनामिक्स में एक, इंग्लिश में एक, मैथेमेटिक्स (एमएससी) में एक, फिजिक्स में एक पद पर भर्ती होगी।

वेबसाइट पर दी है पूरी जानकारी

वीसी डा. रणपाल सिंह ने बताया कि अलग-अलग विभाग में टीचिंग के 53 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन निकाल दिया है। नौ जून से आनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे। किस वर्ग के लिए कितने पद हैं और योग्यता क्या है, इसकी पूरी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दी गई है।

chat bot
आपका साथी