पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने की पुलिस कप्तान ने दिलाई शपथ

25 जनवरी पूरे भारतवर्ष में मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 08:08 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 08:08 PM (IST)
पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने की पुलिस कप्तान ने दिलाई शपथ
पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने की पुलिस कप्तान ने दिलाई शपथ

जागरण संवाददाता, झज्जर : पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को 12 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने पुलिस कर्मचारियों को निर्भीक होकर मतदान करने/कराने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी पूरे भारतवर्ष में मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। 26 जनवरी 1950 को भारत एक गणतांत्रिक देश बना था। 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग का गठन हुआ था। सन 2011 में भारत सरकार ने चुनाव में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए व लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को लोकतंत्र में विश्वास रखकर देश की स्वतंत्र निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की लोकतांत्रिक परंपरा को बरकरार रखना चाहिए। इसके अलावा प्रत्येक नागरिक को धर्म, जाति, समुदाय, भाषा के आधार पर एवं अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर मतदान करना चाहिए और प्रत्येक मतदाता को अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। शपथ ग्रहण के अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी दीपक कुमार, उप जिला न्यायवादी जोगेंद्र सिंह जांगड़ा, हैड क्लर्क महेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थित सभी ब्रांच प्रभारी व प्रवाचक सूरजभान मौजूद रहे। जवानों ने ली यह शपथ :

'हम, भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।'

chat bot
आपका साथी