सर्च अभियान में चार दिन से लापता छात्र का सुराग नहीं, एक अन्य युवक का शव बरामद

- जेएलएन के किनारे मिली थी लापता छात्र की बाइक स्वजनों ने जताई थी डूबने की आशंका - प्रशासन ने नहर में चलवाई वाटर बोट नहीं मिल पाया छात्र का सुराग - 24 किलोमीटर तक चलाया गया सर्च अभियान

By JagranEdited By: Publish:Sat, 29 Jan 2022 07:26 PM (IST) Updated:Sat, 29 Jan 2022 07:26 PM (IST)
सर्च अभियान में चार दिन से लापता छात्र का सुराग नहीं, एक अन्य युवक का शव बरामद
सर्च अभियान में चार दिन से लापता छात्र का सुराग नहीं, एक अन्य युवक का शव बरामद

संवाद सूत्र, बेरी : पिछले चार दिन से सर्च अभियान चला रही पुलिस की टीम को बेरी के लापता युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि, अभियान के दौरान एक अन्य शव बरामद हुआ है। जिसे शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। बता दें कि चार रोज पूर्व घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए बेरी के छात्र मनोज का शनिवार की देर शाम तक भी कोई सुराग नहीं लग पाया। मनोज की बाइक चार रोज पूर्व बेरी के पास से गुजर रही जवाहरलाल नेहरू केनाल के किनारे खड़ी मिली थी। उसके बाद ही स्वजनों ने मनोज के जेएलएन में डूबने की आशंका जताई थी। इसी आशंका के तहत जिला प्रशासन ने नहर में सर्च अभियान चलाया। प्रशासन ने बकायदा वोटर बोट मंगवा कर छात्र की तलाश के लिए साल्हावास क्षेत्र तक सर्च अभियान चलाया लेकिन छात्र मनोज का कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। एनडीआरएफ की टीम लापता मनोज की तलाश करते करते गांव बाकरा के समीप पहुंची तो बाकरा हैड पर एक अज्ञात शव बरामद हुआ है। जिसकी जेब से पेनकार्ड मिला। पेनकार्ड से ये जानकारी मिली कि युवक हिसार जिले से संबंध रखता है। लेकिन, अभी तक पुख्ता शिनाख्त नहीं हो पाई है। जिसे सिविल अस्पताल, झज्जर रखवा दिया गया है। बॉक्स : गौरतलब है कि बीए प्रथम वर्ष का छात्र मनोज बेरी के चुल्यान पाने का रहने वाला था और 25 जनवरी को वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसके बाद से ही मनोज के स्वजन और जिला प्रशासन उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान चला रहे हैं। लेकिन, शुक्रवार देर शाम तक भी मनोज का कोई पता नहीं चल पाया। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह से एनडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च अभियान जारी रहा। एनडीआरएफ की टीम व पुलिस द्वारा करीब 24 किलोमीटर दायरे तक और फिर अकेहड़ी मदनपुर तक सर्च अभियान चलाया।

chat bot
आपका साथी