60 फीट गहरे बोरवेल से निकाले गए नदीम को वेंटीलेटर से हटाया, तीन बार तरल पदार्थ पिया

पंचायती जमीन पर 60 फीट का बोरवेल खोदा गया था। उस बोरवेल में खेलते हुए नदीम गिर गया था। जिला प्रशासन सेना एनडीआरएफ और ग्रामीणों ने अभियान चलाते हुए 49 घंटे के बाद नदीम को निकाला

By manoj kumarEdited By: Publish:Tue, 26 Mar 2019 01:28 PM (IST) Updated:Tue, 26 Mar 2019 02:26 PM (IST)
60 फीट गहरे बोरवेल से निकाले गए नदीम को वेंटीलेटर से हटाया, तीन बार तरल पदार्थ पिया
60 फीट गहरे बोरवेल से निकाले गए नदीम को वेंटीलेटर से हटाया, तीन बार तरल पदार्थ पिया

हिसार, जेएनएन। बालसमंद के 60 फीट गहरे बोरवेल से 49 घंटे बाद बाहर निकले गए 15 माह के नदीम की हालत में अब सुधार है। वेंटीलेटर हटा दिया गया है। सोमवार को डाक्टरों की तरफ से तीन बार तरल पदार्थ पीने के लिए दिया गया। निमोनिया भी 75 फीसद ठीक हो चुका है। नदीम का सोमवार को एमआरआइ किया गया जो सही आया है। नदीम को अभी 48 घंटे और निगरानी में रखा गया, ताकि वह पूरी तरह से सही हो जाए।

इस मामले में निजी अस्पताल में भर्ती नदीम के बारे में सीएमओ की तरफ से हर दो घंटे में अपडेट ली जा रही है।

पंचायती जमीन पर जोहड़ के नजदीक तेलूराम की तरफ से करीब 60 फीट का बोरवेल खोदा गया था। उस बोरवेल में खेलते हुए नदीम गिर गया था। जिला प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए नदीम को 49 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला था।

उसके बाद नदीम को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया लेकिन उसे बाद में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शुरूआत में उसको वेंटीलेटर पर रखा गया था। निमोनिया में सुधार होने के बाद अब वेंटीलेटर हटा दिया गया है। नदीम का 75 फीसद निमोनिया ठीक हुआ है। वहीं नदीम ने सोमवार को कुछ बोलने का भी प्रयास किया। डाक्टरों की नदीम की इंप्रूवमेंट देखकर खुश है।

तीन बार पिया तरल पदार्थ

निमोनिया ठीक होने और वेंटीलेटर हटाए जाने के बाद नदीम को डाक्टरों की तरफ से तीन बार तरल पदार्थ दिया गया। वह एक बार शौच भी गया। हालत में सुधार होने के बाद उसको 48 घंटे निगरानी में रखा है। यदि इस दौरान दिक्कत नहीं हुई तो नदीम को आइसीयू से बाहर दूसरे कमरे में भी शिफ्ट किया जा सकता है।

नदीम का एमआरआइ भी किया

निमोनिया काफी हद तक ठीक होने के बाद नदीम का सोमवार को एमआरआइ भी किया गया। इसमें ब्रेन की जांच की गई। जांच में सभी कुछ सामान्य मिला है। शरीर में भी अभी कोई अंदरूनी चोट भी नहीं सामने आई है।

--नदीम की मेडिकल की दो घंटे में रिपोर्ट ली जा रही है। उसकी हालत में सुधार हुआ है। 48 घंटे में नदीम काफी हद तक पूरा ठीक हो जाएगा।

- डा. संजय दहिया, सीएमओ।

chat bot
आपका साथी