लाटरी में एक्सयूवी गाड़ी निकलने का झांसा देकर ठगे थे 11 लाख 97 हजार, दो आरोपित गिरफ्तार

इनाम जीतने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरेाह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम थाने की टीम ने गिरफ्तार किया है। मामले में चार आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं जिनसे पूछताछ के बाद अब यह आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Tue, 29 Jun 2021 09:16 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jun 2021 09:16 PM (IST)
लाटरी में एक्सयूवी गाड़ी निकलने का झांसा देकर ठगे थे 11 लाख 97 हजार, दो आरोपित गिरफ्तार
लाटरी में गाड़ी निकलने का झांसा देकर सोनीपत के बहालगढ़ निवासी पवन को बनाया था ठगों ने अपना शिकार

जागरण संवाददाता, रोहतक : लाटरी में प्रथम इनाम जीतने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरेाह के दो सदस्यों को साइबर क्राइम थाने की टीम ने गिरफ्तार किया है। मामले में चार आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनसे पूछताछ के बाद अब यह आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। आरोपितों ने सोनीपत जिले के रहने वाले व्यक्ति से लाटरी का झांसा देकर 11 लाख 97 हजार रुपये ठगे थे।

साइबर क्राइम थाने के प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सोनीपत के बहालगढ़ निवासी पवन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि फ्लिपकार्ट से उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि आपने लाटरी में प्रथम इनाम के रूप में एक्सयूवी गाड़ी जीत है। इसका रजिस्ट्रेशन चार्ज 6500 रुपये हैं। ठगों के झांसे में आकर पवन कुमार ने उनके खातें में कुल मिलाकर 11 लाख 97 हजार रुपये डाल दिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला जब उससे पांच लाख रुपये और मांगे गए।

जिसके बाद 21 मार्च 2021 को सोनीपत के राई थाने में मामला दर्ज करा दिया गया। साइबर क्राइम थाने के एएसआइ कपिल के नेतृत्व में टीम ने जांच के बाद दिल्ली के मदनपुर खाद निवासी ताज मोहम्मद, बदरपुर निवासी पंकज कुमार और शक्ति विहार निवासी मनोज को मई माह में गिरफ्तार किया था। आरोपित करीब छह माह से ठगी के धंधे से जुड़े हुए थे। इसके बाद नई दिल्ली के गोविंदपुरी निवासी राजीव को भी गिरफ्तार किया गया।

इन आरोपितों से पूछताछ के बाद पता चला कि गिरोह में कई अन्य आरोपित भी शामिल है, जिसके बाद अब बिहार के नालंदा जिले के मुन्ना चौधरी और विक्रम कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों की जिम्मेदारी गिरोह के अन्य सदस्यों को मोबाइल सिम उपलब्ध कराने की थी। आरोपित विक्रम को कोर्ट में पेश कर 12 दिन के रिमांड पर लिया गया है। जबकि दूसरे आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपित से गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद कई अन्य घटना खुलने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी