हिसार में मिला दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज, प्रशासन ने पूरा एरिया किया सील

हिसार के 63 वर्षीय बुजुर्ग में कोरोना पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। 30 मार्च को हिसार के निजी अस्पताल में कराए थे भर्ती। 5 अप्रैल को मेदांता अस्पताल में भर्ती

By Manoj KumarEdited By: Publish:Fri, 10 Apr 2020 08:38 AM (IST) Updated:Fri, 10 Apr 2020 04:50 PM (IST)
हिसार में मिला दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज, प्रशासन ने पूरा एरिया किया सील
हिसार में मिला दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज, प्रशासन ने पूरा एरिया किया सील

हिसार : हिसार शहर में दूसरा कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। डाबड़ा चौक के पास की एक कॉलोनी के 63 वर्षीय बुजुर्ग गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचाराधीन हैं। वहां रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग ने परिवार और पड़ोसी समेत 15 लोगों को होम क्वारंटाइन कर दिया है। इनमें निगम के दो अधिकारी भी शामिल हैं।

संक्रमित मरीज नगर निगम के अधिकारी के पिता हैं। हालांकि उक्त अधिकारी फिलहाल किसी दूसरे शहर में कार्यरत हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी संक्रमित मरीज और उसके परिवार वालों के संपर्क में आए लोगों की सूची बना रहा है। मरीज के घर के आस-पास के क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया। पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है, किसी को भी अंदर बाहर आने जाने की अनुमति नहीं होगी। शुक्रवार को पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया जाना है।

संक्रमित मरीज के बेटे ने बताया कि पिता को 30 मार्च को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। गत 2 अप्रैल को कोरोना टेस्ट कराया गया। इसमें रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद 5 अप्रैल को निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत के कारण गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले गए। वहां दो बार जांच कराई गई है। तीसरी रिपोर्ट कोराना पॉजिटिव पाए गए। मरीज की कोई विदेश हिस्ट्री भी नहीं है।

निगम के दो अधिकारी गुरुग्राम साथ गए

पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया। पांच अप्रैल को यहां से दो अधिकारी मरीज को मेदांता अस्पताल ले गए थे। लौटने के बाद दोनों अधिकारी अपने कार्यालय और अन्य जगहों पर कई लोगों के संपर्क में आए। देर रात तक मेयर और नगर निगम के दूसरे यह जानने की कोशिश करते रहे कि कौन-कौन इनके संपर्क में आया।

ये लोग किए गए क्वारंटाइन

मरीज के परिवार में बेटी, दामाद, उनके दो बच्चों और परिवार के आठ लोगों समेत अधिकारी, पड़ोसी और अन्य परिचितों समेत 15 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इनमें बड़े बेटे और उनके परिवार को गुरुग्राम में क्वारंटाइन किया गया है। निगम अधिकारी का परिवार पंचकूला में रहता है। मरीज को एंबुलेंस में लेकर जाने वालों में छोटा बेटा और निगम के दो अधिकारी, छोटा बेटा और दामाद साथ थे। हालांकि नगर निगम अधिकारी अलग गाड़ी में होने की बात कह रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से एहतियात के तौर जो भी पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आया है उन सभी को क्वारंटाइन किया जा रहा है।

घर पर पहुंची पुलिस

अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस की टीम सभी लोगों के घर पहुंची। चौकी प्रभारी जगदीश ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर सभी के नंबर ले लिये हैं।

पहली पॉजिटिव महिला हो चुकीं स्वस्थ

सेक्टर में रहने वाली महिला में संक्रमण मिला था। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुकी हंै। एहतियात के तौर पर 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन की गई है। महिला की पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जबकि दूसरी और तीसरी निगेटिव।

----मेदांता अस्पताल से 63 वर्षीय व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की सूचना मिली है। इनके परिवार वालों और संपर्क में आए लोगों का पता लगाकर उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो सैंपल भी लिये जाएंगे।

- डा. योगेश शर्मा, सीएमओ, हिसार।

chat bot
आपका साथी