रोडवेज विभाग में पुलिस अधिकारियों को लगाने का विरोध

परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार रोकने की आड़ में अंबाला डिपो में महाप्रबंधक व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 07:04 AM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 07:04 AM (IST)
रोडवेज विभाग में पुलिस अधिकारियों को लगाने का विरोध
रोडवेज विभाग में पुलिस अधिकारियों को लगाने का विरोध

जागरण संवाददाता, हिसार : हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की बैठक केंद्रीय कर्मशाला में संपन्न हुई। इसमें केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी संघों के आह्वान पर 26 नवंबर को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल की सफलता की रणनीति तय करने के अलावा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता दलबीर किरमारा, सरबत सिंह पूनिया, ओमप्रकाश ग्रेवाल, नसीब जाखड़, दिनेश हुड्डा, नरेन्द्र दिनोद व दीपक बल्हारा ने संयुक्त बयान में बताया कि राज्य सरकार द्वारा हरियाणा रोडवेज में पुलिस अधिकारियों को लगाने को लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। ज्ञात रहे परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार रोकने की आड़ में अंबाला डिपो में महाप्रबंधक व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की बजाय योजना के तहत विभाग को सिकोड़ने व कर्मचारियों को बदनाम कर निजीकरण के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में निजीकरण के खिलाफ हुई 18 दिन की हड़ताल में सहयोग करने पर अन्य विभागों के कर्मचारियों व आम नागरिकों पर दर्ज मुकदमे रद करवाने व विभाग में पुलिस अधिकारियों को तैनात करने के खिलाफ 4 नवंबर को सभी डिपुओं में दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया जाएगा व महाप्रबंधकों के माध्यम से महानिदेशक को ज्ञापन भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी