पहाड़ों से आई उत्तर पश्चिमी हवा से छाई धुंध, आगामी दो दिनों में हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ की मानें तो पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पहले से ही वातावरण में नमी मौजूद थी। इसके साथ ही पहले पुरवाई हवा चल रही थी।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Wed, 12 Jan 2022 11:22 AM (IST) Updated:Wed, 12 Jan 2022 11:22 AM (IST)
पहाड़ों से आई उत्तर पश्चिमी हवा से छाई धुंध, आगामी दो दिनों में हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम
दृश्यता 100 मीटर से भी कम की गई दर्ज।

हिसार, जागरण संवाददाता। बारिश का असर बारिश के बाद भी हरियाणा में दिखाई दे रहा है। मंगलवार को सुबह धुंध छाने से कई जिलों में तो 100 मीटर से कम दृश्यता चली गई। जिससे लोगों को सुबह आने जाने में काफी दिक्कत आई। इसके साथ ही बादलवाई रहने से दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। सिर्फ दिन का तापमान ही नहीं बल्कि रात्रि तापमान भी एक बार फिर से शून्य की तरफ तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। इस प्रकार के मौसम ने दिन के गलन को बढ़ा दिया है। प्रदेश में सिरसा जिले में दिन का तापमान सबसे कम 12.3 डिग्री सेल्सियस तो रात्रि तापमान सबसे कम हिसार में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

धुंध का करना पड़ सकता है सामना

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ की मानें तो पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पहले से ही वातावरण में नमी मौजूद थी। इसके साथ ही पहले पुरवाई हवा चल रही थी मगर अब पहाड़ों की तरफ से आ रही उत्तर पश्चिमी हवा आ रही है। पहाड़ों की हो रही बर्फवारी के कारण वहां से आ रही हवा मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ाने का काम कर रही है। आगामी दो से तीन दिन लोगों को इसी प्रकार से धुंध का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दिन व रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है।

शीतलहर का करना पड़ेगा सामना

इस मौसम के कारण शीतलहर भी चल रही है। जिसका आगामी दिनों में भी लोगों को सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही तापमान गिरने से गलन और बढ़ने की संभावना है। इस प्रकार के मौसम में लोगों को विशेष रूप से अपना ध्यान रखने की आवश्यकता है। क्योंकि अधिक सर्दी उन्हें बीमार भी कर सकती है।

बुजुर्ग, बच्चे व गर्भवती महिलाएं रखें विशेष ध्यान

हिसार के सिविल अस्पताल फिजीशियन डा. अजय चुघ ने बताया कि सर्दी बढ़ रही है ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। दरअसल बदलते मौसम में इम्यून सिस्टम (रोग प्रतिरोधक क्षमता) कमजोर हो जाती है। ऐसे में सर्दी, जुकाम और बुखार की परेशानी होना आम बात है। इस दौरान सुबह-शाम के समय पर्याप्त कपड़े पहन कर ही बाहर निकलना चाहिए। बदलते मौसम में वायरल बुखार के मामले बढ़ते हैं। बड़ों के साथ बच्चे भी वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इसलिए इस मौसम में बच्चों तथा बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। कभी सर्द और कभी गर्म मौसम होने के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार, गले में दर्द, थकान जैसी बीमारियां लोगों को परेशान कर रही है। सबसे पहले बच्चे इनकी चपेट में आते हैं। इसके लिए गर्म पेय पदार्थ लेने चाहिए।

सोमवार को यह रहा था प्रदेश में तापमान

जिला- अधिकतम- न्यूनतम

पंचकूला- 17.5- 10.4

अंबाला- 16.7- 8.9

रोहतक- 15.7- 7.8

कुरुक्षेत्र- 17.8- 10.9

नारनौल- 17.6- 5.7

गुरुग्राम- 15.4- 8.7

हिसार- 18.0- 7.2

भिवानी- 16.5- 10.3

सिरसा- 17.0- 8.0

मंगलवार को यह रहा प्रदेश में तापमान

जिला- अधिकतम- न्यूनतम

पंचकूला- 17.2- 10.4

अंबाला- 13.5- 9.6

रोहतक- 13.8- 6.0

कुरुक्षेत्र- 13.2- 9.8

नारनौल- 16.0- 5.5

गुरुग्राम- 16.0- 6.9

हिसार- 13.0- 4.7

भिवानी- 14.9- 6.7

सिरसा- 12.3- 6.0

नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।

chat bot
आपका साथी