असम से लड़की खरीदकर दादरी में सामूहिक दुष्कर्म, मुख्य आरोपित महिला गिरफ्तार

असम की लड़की से चरखी दादरी में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। काम दिलाने के बहाने दिल्ली लाया गया। यहां चरखी दादरी की महिला ने उसे खरीद लिया। दादरी में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। चार आरोपित पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 07:08 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 07:08 PM (IST)
असम से लड़की खरीदकर दादरी में सामूहिक दुष्कर्म, मुख्य आरोपित महिला गिरफ्तार
महिला पर अनैतिक व्यापार के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। असम की नाबालिग लड़की को खरीद कर दादरी लाने तथा यहां पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म व छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित महिला की पहचान दादरी के हीरा चौक जैन मोहल्ला निवासी ऊषा जांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपित महिला को न्यायालय ने तीन दिन के रिमांड पर भेजा है।

महिला पर पहले भी अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस चार आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जानकारी के अनुसार, असम निवासी एक नाबालिग लड़की को 31 मार्च को रोशन अली नाम का व्यक्ति सफाई का काम दिलवाने का झांसा देकर दिल्ली लाया था। उसने उक्त नाबालिग को ऊषा नामक महिला को बेच दिया था। दिल्ली आने के बाद महिला नाबालिग को अपने साथ दादरी ले आई थी। यहां आने के बाद दो व्यक्ति नाबालिग को खेत में बने कमरे में लेकर गए। कमरे में तीन व्यक्ति पहले से मौजूद थे। चार व्यक्तियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। एक अप्रैल को भी उन्हीं में से एक व्यक्ति उसे होटल में लेकर गया तथा दुष्कर्म किया।

भिवानी से गिरफ्तार किया महिला आरोपित को

इस मामले में दादरी महिला थाना पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसी मामले में गहनता से जांच करते हुए महिला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपित महिला को बुधवार को भिवानी से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपित ऊषा जांगड़ा को न्यायालय द्वारा तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में गहनता से जांच की जा रही है।

आरोपित महिला पर पहले भी दर्ज हैं मामले 

आरोपित ऊषा जांगड़ा पर दादरी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज हैं। जुलाई 2020 में दादरी के दिल्ली रोड बाइपास के समीप स्थित एक होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड किया गया था। ऊषा जांगड़ा ही इस होटल की संचालिका थी। अगस्त 2020 में भी पुलिस ने इसी होटल में देह व्यापार का पर्दाफाश किया था। नवंबर 2020 में पुलिस ने दादरी के महेंद्रगढ़ रोड स्थित एक होटल में दबिश देकर देह व्यापार का भंडाफोड किया था। पुलिस ने मौके से होटल संचालिका, पांच युवतियों व एक युवक को काबू किया था। इस होटल की संचालिका भी ऊषा जांगड़ा ही थी।

चार आरोपित पहले ही हो चुके गिरफ्तार 

इस मामले में पुलिस द्वारा कस्बा झोझू कलां निवासी दयानंद उर्फ दीपांशु, संजय, अजय तथा असम निवासी रोशन अली को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मामले पर आयोग ने लिया था संज्ञान

नाबालिग को अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में भिवानी के बाल सेवा आश्रम में भेजा गया था। यहां पर वह कोरोना संक्रमित हो गई थी। 16 मई को नाबालिग ने बाल सेवा आश्रम के काउंसिलर के माध्यम से हरियाणा बाल आयोग अध्यक्ष को शिकायत भेजी थी कि बाल संरक्षण विभाग भिवानी के एक सदस्य ने उसके साथ छेड़छाड़ की है और गलत तरीके से सवाल पूछे हैं। 18 मई को हरियाणा बाल आयोग अध्यक्ष ज्योति बैंदा भिवानी आश्रम पहुंचीं और स्टाफ सदस्य पर केस दर्ज कराया।

केस वापस लेने का बनाया दबाव

बताया जा रहा है कि बाल संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया। नाबालिग को भिवानी में अलग-अलग जगह घुमाया गया। बिना अनुमति के भी कई जगह ले जाया गया। यह सब जानकारी राज्य बाल आयोग के पूर्व सदस्य सुशील वर्मा को लगी तो उन्होंने राज्य व राष्ट्रीय बाल आयोग के अध्यक्षों को इस पूरे मामले के बारे में अवगत कराया। दूसरी तरफ राज्य बाल आयोग अध्यक्ष ज्योति बैंदा ने भी अपनी रिपोर्ट भेजी। राष्ट्रीय बाल आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने पुलिस महानिरीक्षक को उचित कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।

डीसी ने तत्काल कार्रवाई के दिए थे निर्देश

इसके साथ ही चार जून को भिवानी के उपायुक्त को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मन करके मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामले में बाल संरक्षण इकाई के आरोपित सदस्याें को निलंबित किया जा चुका है। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से बाल कल्याण समिति भिवानी की पूर्व सदस्या व तीन अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र लिखा जा चुका है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी