पिता बना दरिंदा, पत्नी और तीन वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से काट कर दी हत्या
डोभी गांव में सुनीता नामक महिला और बेटे निखिल (3 वर्ष) की हत्या की गई है। मृतका के पति पुलिस महकमे में कार्यरत है और वर्तमान में उसकी ड्यूटी फतेहाबाद जिले में बताई जा रही है।
हिसार,जेएनएन। हिसार जिले के डोभी गांव मे पिता ही दरिंदा बन गया। पति ने पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। मामले की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। शवों के पास कुल्हाड़ी भी मिली है अंदाजा है कि इसी कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला कर हत्या की गई है। पुलिस माैके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।
जानकारी के अनुसार सुनीता नामक महिला और बेटे निखिल (3 वर्ष) की हत्या की गई है। मृतका के पति पुलिस महकमे में कार्यरत है, और वर्तमान में उसकी ड्यूटी फतेहाबाद जिले में बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि किसी को भी अंदेशा नहीं था कि इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा सकता है। मृतक के भाई व भाभी ने कहा उनकी कल बात भी हुई थी तब सब सही लग रहा था।
पुलिस हत्या के पीछे कारणों को जानने में जुटी हुई है। हत्या घरेलू कलह या किसी अन्य कारण को लेकर की गई है यह जल्द ही साफ होने वाला है। वहीं मृतका एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। हत्या करने का आरोपित पति वारदात के बाद घर से फरार है।