पति ने पत्नी की गला घोंट कर दी हत्या, पीछे छूट गई तीन साल की बच्‍ची

बिहार के जिला रोहतास के गांव कुमिहला निवासी सैयद अंसारी अपनी पत्नी 21 वर्षीय शबनम बेगम के साथ दुर्गा कालोनी में किराये पर रहता था। आपसी विवाद में युवक ने पत्‍नी की हत्‍या कर दी।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 23 Jan 2020 05:46 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jan 2020 05:46 PM (IST)
पति ने पत्नी की गला घोंट कर दी हत्या, पीछे छूट गई तीन साल की बच्‍ची
पति ने पत्नी की गला घोंट कर दी हत्या, पीछे छूट गई तीन साल की बच्‍ची

बहादुरगढ़, जेएनएन। छोटी छोटी बातों को लेकर लोग हत्‍या तक जैसी जघन्‍य वारदात कर रहे हैं। पल भर का गुस्‍सा जिंदगी बर्बाद कर रहा है। बहादुगरगढ़ शहर की दुर्गा कालोनी में किराये पर रहने वाले एक व्यक्ति ने बुधवार रात को घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।  वारदात के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। महिला के परिजनों से पुलिस का संपर्क नहीं हो सका है।

बिहार के जिला रोहतास के गांव कुमिहला निवासी सैयद अंसारी अपनी पत्नी 21 वर्षीय शबनम बेगम के साथ दुर्गा कालोनी में किराये पर रहता था। उनके पास तीन साल की बच्ची भी है। वह सांपला स्थित एक तार बनाने वाली फैक्टरी में काम करता है। सात-आठ दिन से दंपती ने सांखोल निवासी नितिन राठी के प्लाट में बने एक कमरे में शिफ्ट किया था। नितिन ने बताया कि बुधवार रात को करीब साढ़े आठ बजे दोनों पति-पत्नी में झगड़ा हो गया था। रात को उसने दोनों में सुलह करवा दिया था।

बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे जब वह वापस अपने प्लाट में बने कमरे में आया तो सैयद एकदम कमरे से बाहर आकर भाग गया। वह बाद में आसपास की महिलाओं को इकट्ठा करके कमरे में घुसा तो देखा कि शबनम का शव पड़ा था। उसका अनुमान है कि घरेलू कलह के चलते सैयद ने ही शबनम की गला घोंटकर हत्या की है। लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। थाना लाइनपार एसएचओ देवेंद्र व उनकी टीम मौके पर पहुंची। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फारेंसिक टीम को बुलाया गया।

....पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या कुछ सामने आता है, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के शरीर पर बाहरी तौर पर चोट का कोई निशान नहीं है। मकान मालिक की शिकायत पर आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

--विजयपाल, जांच अधिकारी, लाइनपार थाना।

chat bot
आपका साथी