Haryana Weather update: हरियाणा में 10 दिन पहले ही प्री-मानसून की दस्तक, जानिये कब आएगा मानसून

हरियाणा में प्री मानसून पहुंच चुका है। पिछले वर्ष 20 जून को प्री मानसून की बारिश हुई थी। वहीं शुक्रवार को देश में सबसे गर्म शहर हरियाणा का सिरसा रहा। शनिवार को गर्मी से राहत मिल सकती है। तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 07:03 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 07:06 AM (IST)
Haryana Weather update: हरियाणा में 10 दिन पहले ही प्री-मानसून की दस्तक, जानिये कब आएगा मानसून
हवा का रुख ठीक रहा तो हरियाणा में मानसून भी समय पर आएगा।

हिसार, जेएनएन। हरियाणा में शुक्रवार को प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून की गतिविधियों से हरियाणा में प्री मानसून का प्रभाव साफ देखा जा सकता है। इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञानियों की मानें तो जिस प्रकार से मानसून मध्य प्रदेश की तरफ से आगे बढ़ रहा है ,वह स्थिति अभी तक हरियाणा के पक्ष में बनी हुई है।

अगर कोई परिवर्तन न हो तो हरियाणा में समय से मानसून की बारिश होने की संभावना है मगर फिर भी भारत मौसम विभाग नजर बनाए हुए है। पिछले वर्ष 20 जून को प्री मानसून की बारिश हुई थी। वहीं शुक्रवार को देश में सबसे गर्म शहर हरियाणा का सिरसा रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद राजस्थान के श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके बाद हिसार में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हीं बीते वीरवार रात्रि को आई तेज आंधी, बारिश के कारण तापमान में कुछ कमी आई है।

वीरवार रात आई आंधी और बारिश से बिजली गुल

वीरवार रात्रि को वातावरण में अस्थिरता और नम हवाओं के फैलाव के कारण आई आंधी और बारिश ने प्रदेश में कई स्थानों पर बिजली के खंभों को गिरा दिया। इससे हिसार सहित अन्य जिलों में बिजली विभाग के अधिकारी रात्रि को फॉल्ट सही कराते दिखाई दिये। इसके साथ ही पेड़ के गिरने जैसी समस्याएं भी लोगों के सामने दिन में आईं। हालांकि हिसार में तेज हवाओं के कारण यह नुकसान हुआ बारिश यहां नहीं हुई।

आज हो सकती है बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली हवा आने की संभावना से राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में 12 जून से गरज चमक व हवाओं के साथ बारिश शुरू हो जाने की संभावना है। ये प्री मानसून बारिश की गतिविधियां 15 या 16 जून तक भी चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य में सभी क्षेत्रों में बीच -बीच में गरज चमक व तेज हवायों के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा उतरी हरियाणा के कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश भी संभावित है जिससे आने वाले कुछ दिनों में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी