किसान आंदोलन स्‍थगित : जल्द ही खुल जाएगा टिकरी बार्डर, बहादुरगढ़ में व्यापार को लगेंगे पंख

किसान शनिवार को घर वापस जाएंगे। अब दो-तीन दिन में बार्डर भी पूरी तरह से खुल जाएगा। साथ ही इसके आसपास के जितने भी रास्ते बंद हैं वो भी दिल्ली आवागमन के लिए खुल जाएंगे। इससे एक साल से ज्यादा समय से बेपटरी हुआ व्यापार अब पटरी पर आ जाएगा

By Manoj KumarEdited By: Publish:Fri, 10 Dec 2021 10:29 AM (IST) Updated:Fri, 10 Dec 2021 10:29 AM (IST)
किसान आंदोलन स्‍थगित : जल्द ही खुल जाएगा टिकरी बार्डर, बहादुरगढ़ में व्यापार को लगेंगे पंख
करोड़ों का नुकसान झेल चुके लोगों को अब हुई उम्मीद, एक-दो दिन में खुल सकते हैं बार्डर

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद एमएसपी व अन्य मांगों को लेकर सरकार व किसानों के बीच चल रहा मामला वीरवार को सुलझ गया। आंदोलन खत्म हो गया। किसान शनिवार को घर वापस जाएंगे। ऐसे में अब दो-तीन दिन में बार्डर भी पूरी तरह से खुल जाएगा। साथ ही इसके आसपास के जितने भी रास्ते बंद हैं वो भी दिल्ली आवागमन के लिए खुल जाएंगे। इससे एक साल से ज्यादा समय से बेपटरी हुअा व्यापार अब पटरी पर आ जाएगा और यहां के उद्यमियों, व्यापारियों व आमजन को काफी फायदा होगा। बहादुरगढ़ में व्यापार को पंख लग जाएंगे। उद्योगों में काम शुरू हो जाएगा। आंदोलन खत्म होने की घोषणा होते ही बहादुरगढ़ के उद्यमियों ने भी खुशी जताई है।

उद्यमी नवीन मल्होत्रा ने बताया कि एक साल से उद्यमियों को नुकसान झेलना पड़ रहा था। अब कुछ दिन में बार्डर खुल जाएगा तो उनके उद्योगों में उत्पादन बढ़ेगा। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा और उनकी आथिक स्थिति भी सुधरेगी। रिलेक्सो के वाइस प्रेजिडेंट वरिंद्र कुमार ने आंदोलन खत्म होने पर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि आंदोलन की वजह से उन्हें परेशानी हो रही थी। काफी नुकसान हुआ। अब आंदोलन खत्म हो गया है तो रास्ते खुल जाएंगे और उनके उद्योग धंधे भी खूब चल जाएंगे।

उद्यमी नरेंद्र छिकारा ने बताया कि इस आंदोलन से करीब 30 हजार करोड़ का नुकसान बहादुरगढ़ के उद्योगों को हुआ था। अब इस नुकसान की भरपाई हो सकेंगी। उद्योग भी पटरी पर लौट जाएंगे। एडवोकेट आरबी यादव ने बताया कि आंदोलन के कारण उनका धंधा भी चौपट हो गया था। फैक्ट्रियों में काम नहीं था तो ऐसे में उनके पास भी काम काफी कम हो गया था। अब दोबारा से काम मिलेगा तो लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

टीकरी बार्डर पर एक साल से बंद पंप भी हो जाएंगे चालू

टीकरी बार्डर पर आंदोलन के कारण करीब पांच सीएनजी व पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं। करोड़ों का नुकसान झेल चुके हैं। 50 से ज्यादा लेागों का रोजगार चला गया। ऐसे में अब ये पंप भी चालू हो जाएंगे।

दुकानों में लौटेगी रौनक

बहादुरगढ़ में आंदोलन स्थल पर बड़े-बड़े शोरूम से लेकर छोटी-मोटी 200 से ज्यादा दुकानें हैं। अधिकांश दुकानें बंद पड़ी हैं। लोगों का कारोबार ठप था। अब आंदोलन खत्म हो गया है तो इन दुकानों पर रौनक लौट आएगी और लोगों का कारोबार भी दोबारा से शुरू हो सकेगा।

chat bot
आपका साथी