कोरोना मरीजों के लिए डीआरडीओ हिसार में बना रहा 500 बेड का अस्पताल, कार्यों का हुआ निरीक्षण

हिसार में कोरोना के बढ़ते केसों के बीच राहत की खबर है। डीआरडीओ 500 बेड का अस्थायी अस्पताल बना रहा है। ओपी जिंदल मार्डन स्कूल में यह अस्पताल बनाया जा रहा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीरवार को निरीक्षण कर निर्देश दिए।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 29 Apr 2021 05:14 PM (IST) Updated:Thu, 29 Apr 2021 05:14 PM (IST)
कोरोना मरीजों के लिए डीआरडीओ हिसार में बना रहा 500 बेड का अस्पताल, कार्यों का हुआ निरीक्षण
अस्थायी अस्पताल के स्थापना कार्यों का निरीक्षण करते अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी।

हिसार, जेएनएन। हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं कोरोना महामारी को लेकर जिले के नोडल अधिकारी अनुराग रस्तोगी ने हिसार का दौरा कर कोविड-19 प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने हिसार मंडलायुक्त चंद्रशेखर, उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी तथा डीआइजी बलवान सिंह राणा के साथ डीआरडीओ द्वारा ओपी जिंदल मॉर्डन स्कूल में स्थापित किए जा रहे 500 बेड के अस्थायी अस्पताल के स्थापना कार्यों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने चंडीगढ़ से आए इंजीनियर इन चीफ निहाल सिंह, जिंदल स्टेनलेस से एमडी अभ्युदय जिंदल सहित अन्य अधिकारियों के साथ अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई व अन्य तकनीकी प्रबंधों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्हें अवगत करवाया गया कि अस्थायी अस्पताल के लिए ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जा चुका है। स्कूल परिसर में आधारभूत ढांचा स्थापित किया जा  रहा है। मरीजों के उपचार के लिए बेड आ गए हैं।

मृत्यु दर घटाने के लिए हो ठोस रणनीति

स्कूल परिसर के दौरे के उपरांत अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान जिला की स्वास्थ्य सेवाओं तथा महामारी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संक्रमितों की मृत्यु दर को कम करने की दिशा में ठोस रणनीति अपनाएं। इसके लिए एक कमेटी का गठन कर गंभीर मरीजों की व्यापक निगरानी की जाए। सिम्पटोमैटिक मरीजों का भी नियमित रूप से फॉलोअप किया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना तैयार की जाए। इसके लिए उपकरणों मानव संसाधनों तथा अन्य जरूरतों के बारे में उन्हें जल्द से जल्द अवगत करवाया जाए।

तेज गति से कार्य करने के निर्देश

अस्थायी अस्पताल की स्थापना के प्रंबंधों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन स्थिति के मद्देनजर तेज गति से कार्य किया जाए। प्रबंधों को लेकर बैकअप प्लान भी तैयार किया जाए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि अस्थायी अस्पताल का ढांचा खड़ा करने के अलावा सर्विलांस, पुलिस सुरक्षा, मरीजों के अलावा उनके अटेंडेंट के रहने व खाने की व्यवस्था, बायोमेडिकल कचरा प्रबंधन, जल निकासी, कैंटीन, मेडिकल स्टोर, अस्पताल संचालन के लिए डॉक्टर, पैरामेडिकल, अन्य स्टाफ, लैब व  एंबुलेंस की व्यवस्था, बिजली आपूर्ति सहित अन्य जरूरी कार्यों की भी व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित कर ली जाए। इस अवसर पर हांसी की पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत, एसीयूटी अंकिता चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी