दादरी के सिविल अस्‍पताल में स्‍तन कैंसर ग्रस्‍त महिला की डॉक्‍टरों ने तीन घंटे में की सफल सर्जरी

दादरी में नागरिक अस्पताल में सोमवार को स्तन कैंसर से ग्रस्त एक महिला की सफल सर्जरी की गई। करीब तीन घंटे तक चले आपरेशन के दौरान महिला के बाएं स्तन को निकाला गया। जिससे कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में न फैल सके।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 13 Dec 2021 05:48 PM (IST) Updated:Mon, 13 Dec 2021 05:48 PM (IST)
दादरी के सिविल अस्‍पताल में स्‍तन कैंसर ग्रस्‍त महिला की डॉक्‍टरों ने तीन घंटे में की सफल सर्जरी
दादरी के नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन ने अन्य चिकित्सकों के साथ की महिला की सफलतापूर्वक सर्जरी

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी जिला मुख्यालय पर स्थित नागरिक अस्पताल में सोमवार को स्तन कैंसर से ग्रस्त एक महिला की सफल सर्जरी की गई। करीब तीन घंटे तक चले आपरेशन के दौरान महिला के बाएं स्तन को निकाला गया। जिससे कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में न फैल सके। दादरी के सिविल सर्जन डा. सुदर्शन पंवार ने अन्य चिकित्सकों व स्टाफ के साथ मिलकर यह सर्जरी की। दादरी के सरकारी अस्पताल के इतिहास में इस प्रकार की सर्जरी पहली बार की गई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दादरी जिला निवासी करीब 40 वर्षीय एक महिला के बाएं स्तन में कैंसर था।

कैंसर शरीर के अन्य हिस्से में न फैले, इसके लिए सर्जरी कर स्तन को निकाला जाना जरूरी था। जब यह मामला दादरी के सिविल सर्जन डा. सुदर्शन पंवार के पास पहुंचा तो उन्होंने यहीं पर उक्त महिला की सर्जरी करने का फैसला लिया। सोमवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में बने आपरेशन थियेटर में करीब तीन घंटे तक चले आपरेशन के दौरान महिला के कैंसरग्रस्त बाएं स्तन को सफलतापूर्वक निकाला गया। चिकित्सा के क्षेत्र में इस सर्जरी को मोडिफाइड रेडिकल मास्टक्टोमी, एमआरएम कहा जाता है। सर्जरी के दौरान सिविल सर्जन डा. सुदर्शन पंवार के साथ डा. नरेश, डा. अनिल तथा स्टाफ नर्स जगवंती व सुनील का विशेष सहयोग रहा।

महिलाएं समय-समय पर करवाएं स्वास्थ्य जांच : डा. सुदर्शन

दादरी के सिविल सर्जन डा. सुदर्शन पंवार ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा बहुत अधिक रहता है। 40 वर्ष की उम्र के बाद स्तन कैंसर का खतरा और अधिक हो जाता है। ऐसे में महिलाओं को समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाते रहना चाहिए। यदि महिलाओं को स्तन में किसी भी प्रकार की गांठ महसूस हो तो बिना देर किए चिकित्सक से संपर्क करें।

chat bot
आपका साथी